‘धुरंधर’ के टाइटल ट्रैक ने मचाई धूम, रणवीर सिंह के एक्शन लुक ने जीते दिल

Entertainment

Eksandeshlive Desk

नई दिल्ली : रणवीर सिंह और निर्देशक आदित्य धर की बहुप्रतीक्षित एक्शन एंटरटेनर ‘धुरंधर’ ने आखिरकार अपने टाइटल ट्रैक के साथ धमाकेदार एंट्री कर ली है। मेकर्स ने 16 अक्टूबर को इस गाने को रिलीज कर फैंस को बड़ा सरप्राइज दिया। फिल्म का टाइटल ट्रैक ‘ना दे दिल परदेसी नू’ इंटरनेट पर आते ही छा गया है। लगभग 2 मिनट 39 सेकेंड लंबे इस गाने में रणवीर सिंह अपने अब तक के सबसे खूंखार और इंटेंस अवतार में दिखाई दे रहे हैं। एक्शन, गुस्सा और स्टाइल का परफेक्ट कॉम्बिनेशन पेश करते हुए रणवीर ने अपने एक्सप्रेशन और बॉडी लैंग्वेज से हर फ्रेम में दर्शकों को बांधे रखा है। उनके अलावा संजय दत्त, अक्षय खन्ना और अर्जुन रामपाल भी अपने धमाकेदार और खतरनाक लुक के साथ स्क्रीन पर छा गए हैं।

लुक और व्यक्तित्व काफी हद तक अजित डोभाल से प्रेरित : गाने की सिनेमैटिक क्वालिटी और विजुअल्स शानदार हैं, इसमें वही तीव्र एक्शन सीक्वेंस और इमोशनल झलकियां देखने को मिलती हैं, जिन्हें पहले फिल्म के टीज़र में दिखाया गया था। खास बात यह है कि ट्रैक में दिखाया गया माहौल फिल्म की गंभीरता और गहराई दोनों को बखूबी परिभाषित करता है। संगीत की बात करें तो शाश्वत सचदेव और चरणजीत आहूजा ने मिलकर इस ट्रैक को तैयार किया है, जबकि हनुमानकाइंड का रैप इसे मॉडर्न टच देता है। धुनों में देसी जोश और इंटरनेशनल बीट्स का शानदार मिश्रण सुनाई देता है, जो इस गाने को और खास बना देता है। गाने के साथ-साथ प्रशंसक आर माधवन की झलक को लेकर भी चर्चा कर रहे हैं। उनका लुक और व्यक्तित्व काफी हद तक अजित डोभाल से प्रेरित नजर आता है, गंभीर, रहस्यमय और रणनीतिक। बताया जा रहा है कि फिल्म में उनका किरदार कहानी का अहम मोड़ तय करेगा। ‘धुरंधर’ में हर किरदार के पास अपनी कहानी और एजेंडा है, जो फिल्म को बहुस्तरीय बनाता है। इस प्रोजेक्ट को आदित्य धर ने बड़े पैमाने पर माउंट किया है और इसे भारतीय सिनेमा की अब तक की सबसे स्टाइलिश एक्शन थ्रिलर में से एक बताया जा रहा है। फिल्म का ट्रेलर 12 नवंबर 2025 को रिलीज होगा, जबकि पूरी फिल्म 5 दिसंबर 2025 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।

Spread the love