Eksandeshlive Desk
खूंटी : खूंटी-सिमडेगा मुख्य मार्ग पर पोकला गांव के पास गुरुवार तड़के करीब साढ़े चार बजे हुई सड़क दुर्घटना में बाबा आम्रेश्वर धाम प्रबंध समिति के सक्रिय सदस्य एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दो कार्यकर्ताओं की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल को गए। घायलों को रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में भर्ती करवाया गया है। सिमडेगा के रामरेखा मेला से लौटने के दौरान यह हादसा हुआ। पुलिस के अनुसार, सड़क हादसे के मुतकों की पहचान अनुज कुमार मांझी (गजगांव निवासी) तथा हांसा निवासी शिवदत्त मांझी के रूप में हुई है, जबकि घायलों में गजगांव निवासी प्रभाष मांझी, रेवा निवासी अमित महतो और चंद्रू राम तथा जुरदाग निवासी सुनील कुमार शामिल हैं।
इन चारों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर किया गया है। वहीं, बांदे निवासी रंजीत महतो को प्राथमिक उपचार के बाद खूंटी अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस की ओर सभी आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। आम्रेश्वर धाम प्रबंध समिति के महामंत्री मनोज कुमार और समिति के अन्य सदस्यों तथा भाजपा संगठन ने दोनों कार्यकर्ताओं के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। संगठन के सदस्यों ने कहा कि इस कठिन घड़ी में पूरा वे शोक-संतप्त परिवारों के साथ खड़े हैं। साथ ही ईश्वर से प्रार्थना की गई कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें और उनके परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति दें।
