Ashutosh Jha
काठमांडू : नेपाल मुस्लिम आयोग के संस्थापक अध्यक्ष समीम मियां अंसारी ने धनुषा जिले के मस्जिद में तोड़फोड़ तथा इस्लाम धर्मावलंबियों के पवित्र धार्मिक ग्रंथ कुरान को जलाने की घटना की निंदा की है तथा नेपाल सरकार से दोषियों पर अविलंब कार्रवाई करने तथा उनकी शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। अंसारी ने इस शर्मनाक घटना पर प्रतिक्रिया व्यक्त करने हुए कहा कि किसी भी धर्म के धर्मग्रन्थ को जलाना एक अक्षम्य अपराध है जिसकी जितनी भी निंदा की जाय कम ही है। समीम मियां अंसारी ने कहा कि साम्प्रदायिक सौहार्द को बनाए रखने के लिए यह अत्यावश्यक है कि एक-दूसरे के धर्म की मर्यादाओं का पालन किया जाय तथा सम्मान किया जाय।
धनुषा के मस्जिद में हुई तोड़फोड़ के विरोध में मुस्लिम समुदाय रविवार सुबह से बीरगंज में प्रदर्शन कर रहा है। धनुषा के धनुकामाला नगरपालिका-6 के सखुवा मारन स्थित मुस्लिम बहुल इलाके में अज्ञात समूह द्वारा मस्जिद में तोड़फोड़ करने और मुसलमानों की कुरान जलाने की घटना शनिवार को सोशल मीडिया पर सार्वजनिक हुई। इसके विरोध में बीरगंज का मुस्लिम समुदाय रविवार सुबह से प्रदर्शन कर रहा है। वे छपकैया के घंटाघर, मुरली और ईदगाह चौक सहित कई स्थानों पर सड़कों पर टायर जला रहे हैं और नारे लगा रहे हैं। इसी बीच, छपकैया के ईदगाह चौक पर प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच मामूली झड़प हुई। जब प्रदर्शन हिंसक हो गया, तो पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के 5 गोले दागे। इस दौरान एक पुलिसकर्मी मामूली रूप से घायल हो गया। विरोध प्रदर्शन में शामिल लोगों ने मांग की है कि मस्जिद में घुसकर कुरान को तोड़फोड़ कर जलाने वालों को तुरंत गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया जाए।
