Eksandeshlive Desk
रामगढ़ : जिले के पतरातू विद्युत ऊर्जा निगम लिमिटेड प्लांट में शनिवार को पीवीयूएनएल के निर्माणाधीन यूनिट-2 के एसीसी के डक्ट के इन्ड-प्लेट सील में तकनीकी खराबी आने के कारण से इन्ड-प्लेट सील टूट गया। इसका इरेक्शन और परीक्षण का कार्य बीएचईएल कर रहा था। इस घटना में कुल 12 श्रमिकों को चोटें आईं। इनमें से 9 श्रमिक मेसर्स आरपीपी इंफ्रास्ट्रक्चर और 3 मेसर्स बीएचईएल के कर्मचारी हैं। उन्हें तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए पीटीपीएस अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकीय जांच के बाद उन्हें प्राथमिक उपचार प्रदान किया गया। सभी की स्थिति खतरे से बाहर है।
चिकित्सकों के अनुसार किसी को गंभीर चोट नहीं आई है। घटना की सूचना मिलते ही संबंधित विभाग की ओर से जरूरी सुरक्षा उपाय किया गया। काफी मशक्कत के बाद स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में लिया गया। इसके बाद प्लांट में कार्य सामान्य रूप से जारी शुरू किया गया है। बरकागांव विधायक रोशन लाल चौधरी सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ पीटीपीएस अस्पताल पहुंचे और उन्होंने घायल श्रमिकों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। स्थिति का जायजा लेने के बाद विधायक ने पीवीयूएनएल प्रबंधन की ओर से किए गए उपायों पर संतोष व्यक्त किया। हालांकि घटना में किसी प्रकार की अन्य क्षति की सूचना नहीं है। प्रबंधन ने घटना के संभावित कारणों का पता लगाने के लिए महाप्रबंधक स्तरीय एक तकनीकी टीम का गठन किया है।
