गारू प्रखंड क्षेत्र के धागाटोला गांव के भुईयाटोली में पेयजल संकट

360° Ek Sandesh Live

News by Mukesh kumar
लातेहार: गारू प्रखंड अंतर्गत धागाटोला गांव के भुईयाटोली टोला में आधा दर्जन से अधिक परिवार आज भी बुनियादी पेयजल सुविधा से वंचित हैं। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि वे अपने पूर्वजों द्वारा बनाए गए पारंपरिक चुआडी के पानी पर ही पूरी तरह निर्भर हैं। इसी चुआडी से कपड़ा धोना, खाना बनाना, पीने का पानी और दैनिक उपयोग के अन्य सभी कार्य किए जाते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यह चुआडी उनके लिए किसी वरदान से कम नहीं है, जिसके सहारे वे सदियों से जीवन यापन करते आ रहे हैं।
हालांकि बदलते समय में सरकारी स्तर पर स्थायी और सुरक्षित पेयजल व्यवस्था की आवश्यकता महसूस की जा रही है। इस संबंध में जब पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के सहायक अभियंता से बात की गई तो उन्होंने बताया कि ग्रामीणों को पहले विभाग में लिखित आवेदन देना होगा। आवेदन प्राप्त होने के बाद स्थल का निरीक्षण कर पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द पहल करने की मांग की है, ताकि उन्हें स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल मिल सके। मौके पर अशोक राम, अर्जुन राम, दुर्गा राम, सुशीला देवी सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित थे।

Spread the love