जेएमएम सरकार सिर्फ घोषणाओं में नहीं, बल्कि धरातल पर विकास कार्यों को उतारने में विश्वास रखती है: पंकज मिश्रा

360° Ek Sandesh Live Politics

साहिबगंज: झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के केंद्रीय प्रवक्ता पंकज मिश्रा ने सोमवार को अपने गृह निवास स्थान साहिबगंज में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राज्य सरकार की उपलब्धियों को विस्तार से रखते हुए विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जेएमएम सरकार सिर्फ घोषणाओं में नहीं, बल्कि धरातल पर विकास कार्यों को उतारने में विश्वास रखती है।
पंकज मिश्रा ने जानकारी दी कि मर्लिन ड्राइव परियोजना की निविदा प्रक्रिया जल्द ही पूरी कर ली जाएगी, जिससे साहिबगंज को पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान मिलेगी। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि साहिबगंज और पाकुड़ रेलवे रैक लोडिंग के विरोध में हुई हड़ताल के बाद रेल विभाग द्वारा पूर्वी–पश्चिमी ओवरब्रिज (ओबी) के निर्माण की निविदा निकाल दी गई है, और बहुत जल्द इस महत्वपूर्ण परियोजना पर काम शुरू होगा। इससे शहर की वर्षों पुरानी ट्रैफिक समस्या से आम लोगों को राहत मिलेगी।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पंकज मिश्रा ने नगर परिषद चुनाव को लेकर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने रामनाथ पासवान उर्फ छोटू पासवान के पक्ष में शहरवासियों से एकजुट होकर मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि राज्य में जेएमएम की सरकार है और यदि नगर परिषद अध्यक्ष भी समर्थित बनता है, तो साहिबगंज में डबल इंजन की सरकार काम करेगी, जिससे विकास की रफ्तार कई गुना तेज होगी। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि साहिबगंज को यदि विकास की मुख्यधारा में लाना है, तो नगर परिषद में भी ऐसी नेतृत्व की जरूरत है जो राज्य सरकार के साथ तालमेल बनाकर काम करे। डबल इंजन की सरकार ही साहिबगंज के विकास के बंद रास्तों को खोल सकती है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी सरकार की नीतियों पर भरोसा जताते हुए आगामी चुनाव में समर्थित प्रत्याशी को जिताने का संकल्प लिया।इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिला अध्यक्ष अरुण सिंह एवं अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।

Spread the love