पूर्व सांसद ने कहा कि दलीय प्रतिबद्धता से बंधे उम्मीदवार ना तो आम जनता की भलाई कर सकते हैं और ना ही अपने संबंधित नगरीय क्षेत्र का विकास
Eksandeshlive Desk
रांची: अखिल भारतीय संपूर्ण क्रांति राष्ट्रीय मंच के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद, पूर्व जैक उपाध्यक्ष और झारखण्ड मजदूर मोर्चा के अध्यक्ष डॉ. सूरज मंडल ने झारखण्ड में अगले 23 फरवरी को होनेवाले विविध नगर निकाय चुनाव में सभी मतदाताओं का यह दायित्व है कि वह उन प्रत्याशियों का चयन करें जिनका संबंध या दलीय प्रतिबद्घता किसी भी राजनीतिक पार्टी के साथ नहीं है. उन्होंने कहा कि वैसे प्रत्याशियों को अपना मत देने से मतदाताओं को सर्वथा परहेज करना चाहिये जो किसी न किसी पार्टी से राजनीतिक बंधे हैं और जिनके लिये उनकी पार्टी पहले जबकि आम जनमानस बहुत बाद में है.
डाॅ. मंडल ने कहा कि झारखण्ड के नगर निकाय चुनाव में किसी भी राजनीतिक दल के औपचारिक रूप से चुनाव नहीं लड़ने का संदेश बिल्कुल स्पष्ट है क्योंकि नगरीय क्षेत्र के विकास के साथ-साथ आम जनता को भी अधिकतम संभव उपलब्ध सुविधायें तभी प्राप्त हो सकती है जबकि उम्मीदवार किसी दल की प्रतिबद्धता से ना बंधें हो. लेकिन झारखण्ड में विविध राजनीतिक दलों ने जैसा माहौल बना दिया है उसके अनुरूप ऐसा लगता है कि सभी अपनी-अपनी पार्टी के उम्मीदवारों को जितवाने के लिये जमीन-आसमान एक किये बैठे हैं. डॉ. मंडल ने कहा कि यह सीधे-सीधे उस भावना का अपमान एवं इस चुनाव के लिये जारी उस अधिसूचना की खुल्लम-खुल्ला अवहेलना है जहाँ राजनीतिक दलों की कोई भी चर्चा नहीं की गयी है. वरिष्ठ नेता ने कहा कि वर्तमान स्थिति और माहौल में जहाँ सभी प्रमुख दलों के नेता मैदान में कूदे हैं और दलीय आधार पर चुनाव हो रहा है इससे ना तो किसी नगरीय क्षेत्र का विकास हो पायेगा और न ही आम जनता की भलाई ही हो पायेगी. डाॅ. मंडल ने कहा कि वर्तमान माहौल में विविध नगर निकाय की भी वही गति होगी जो पूरे झारखण्ड की हो रही है. जहाँ विकास और आम लोगों की प्रगति की बजाय केवल राजनीतिक अखाड़ेबाजी, भ्रष्टाचार और सरकार के अन्य घोषित-अघोषित उद्देश्य चरम पर है जबकि आम जनता झारखण्ड गठन के 25 साल बाद भी अपने-आप को ठगा हुआ महसूस कर रही है.
