Eksandeshlive Desk
नई दिल्ली : बाफ्टा अवॉर्ड्स 2026 के रेड कार्पेट पर इस बार भारतीय सिनेमा की चमक साफ नजर आई, जब अभिनेत्री आलिया भट्ट ने अपनी मौजूदगी से अंतरराष्ट्रीय मंच पर खास पहचान बनाई। लंदन के रॉयल फेस्टिवल हॉल में आयोजित इस प्रतिष्ठित समारोह में आलिया बतौर प्रेजेंटर शामिल हुईं और अपने एलिगेंट अंदाज से सबका ध्यान खींच लिया। सिल्वर गाउन में सजी आलिया की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। उनके आत्मविश्वास और ग्लैमरस लुक ने रेड कार्पेट पर उन्हें चर्चा का केंद्र बना दिया। मीडिया से बातचीत के दौरान आलिया ने अपनी बेटी राहा को अपनी सबसे बड़ी प्रेरणा बताया। उन्होंने कहा कि राहा को बढ़ते और खिलते हुए देखना उनके लिए किसी जादू से कम नहीं है। आलिया के मुताबिक, वह अपने अभिनय से बेहद प्यार करती हैं, लेकिन घर पर राहा की मौजूदगी उन्हें और बेहतर करने और अपनी सीमाओं को पार करने की प्रेरणा देती है। समारोह के दौरान आलिया ने ‘बेस्ट फिल्म नॉट इन द इंग्लिश लैंग्वेज’ श्रेणी में विजेता के नाम की घोषणा की, जिसमें नॉर्वे की फिल्म ‘सेंटिमेंटल वैल्यू’ ने बाजी मारी। मंच पर उनकी गरिमामयी प्रस्तुति और आत्मविश्वास ने दर्शकों का दिल जीत लिया।अंतरराष्ट्रीय मंच पर आलिया का यह डेब्यू बेहद यादगार साबित हुआ, जिसने एक बार फिर साबित किया कि भारतीय कलाकार अब वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना रहे हैं।
बाफ्टा समारोह में धर्मेंद्र को दी गई श्रद्धांजलि, फैंस हुए भावुक
लंदन के प्रतिष्ठित रॉयल अल्बर्ट हॉल में आयोजित 79वें ब्रिटिश अकादमी फिल्म पुरस्कार ‘बाफ्टा’ समारोह में इस बार एक बेहद भावुक क्षण देखने को मिला। समारोह के दौरान दुनिया को अलविदा कह चुके सिनेमा जगत के दिग्गजों को श्रद्धांजलि दी गई, जिसमें भारतीय सिनेमा के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र का नाम भी शामिल रहा। यह खास सेगमेंट दर्शकों के लिए बेहद भावुक रहा। मंच पर प्रसिद्ध गायिका जेसी वेयर ने बारबरा स्ट्रीसैंड के मशहूर गीत ‘द वे वी वेयर’ को गाकर दिवंगत सितारों को संगीतमय श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद एक विशेष वीडियो प्रस्तुत किया गया, जिसमें साल 2025 में दुनिया छोड़ चुके कई अंतरराष्ट्रीय कलाकारों की तस्वीरें और नाम दिखाए गए। इस वीडियो में जीन हैकमैन, रॉबर्ट डुवैल, वैल किल्मर समेत कई दिग्गजों के साथ धर्मेंद्र को भी याद किया गया। वैश्विक मंच पर भारतीय सिनेमा के इस महान कलाकार को मिली श्रद्धांजलि ने फैंस को भावुक कर दिया। सोशल मीडिया पर इस पल का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। फैंस अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए लिख रहे हैं कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर धर्मेंद्र को सम्मान मिलना गर्व की बात है। एक यूजर ने लिखा, “बाफ्टा में धर्मेंद्र जी को श्रद्धांजलि दी गई, यह बेहद भावुक पल था।” दूसरे ने कहा, “उन्हें इस तरह याद किया जाना दिल छू लेने वाला है।” गौरतलब है कि धर्मेंद्र का निधन 24 नवंबर 2025 को 89 वर्ष की आयु में हुआ था। भारतीय सिनेमा में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा और उन्हें मरणोपरांत देश के उच्च सम्मान से भी नवाजा गया है।
