Eksandeshlive Desk
पलामू : मेदिनीनगर नगर निगम चुनाव में महापौर पद को लेकर हुए बेहद रोमांचक मुकाबले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) समर्थित प्रत्याशी अरूणा शंकर ने एक बार फिर जीत दर्ज करते हुए अपनी कुर्सी बचाने में सफलता हासिल की। कांटे की टक्कर वाले इस चुनाव में उन्होंने कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार नम्रता त्रिपाठी को 3122 मतों के अंतर से पराजित किया। अंतिम परिणाम के अनुसार, अरूणा शंकर को कुल 24,169 मत प्राप्त हुए, जबकि उनकी निकटतम प्रतिद्वंद्वी नम्रता त्रिपाठी को 21,047 वोट मिले। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) समर्थित उम्मीदवार पूनम सिंह तीसरे स्थान पर रहीं, जिन्हें 12,809 मतों से संतोष करना पड़ा। पलामू जिला प्रशासन ने शुक्रवार-शनिवार देर रात करीब 1 बजे परिणाम घोषित करते हुए अरूणा शंकर को जीत का प्रमाण पत्र सौंपा।
राउंड दर राउंड बदलता रहा मुकाबला : मतगणना के शुरुआती दौर से ही चुनाव परिणाम बेहद उतार-चढ़ाव भरे रहे। पहले राउंड में नम्रता त्रिपाठी ने 1,677 वोटों की बढ़त बना ली थी। उन्हें 5,217 वोट मिले, जबकि अरूणा शंकर को 3,540 और पूनम सिंह को 3,180 मत प्राप्त हुए। दूसरे राउंड में अरूणा शंकर ने जोरदार वापसी करते हुए 296 मतों की बढ़त हासिल कर ली। इस चरण में उनके मतों में 4,490 वोट की बढ़ोतरी हुई और वे सीधे 8,030 मतों तक पहुंच गईं। नम्रता त्रिपाठी को 7,734 तथा पूनम सिंह को 5,186 मत मिले। मतगणना के तीसरे राउंड के बाद एक बार फिर मुकाबला पलट गया और नम्रता त्रिपाठी 171 वोट से आगे निकल गईं। इस समय तक नम्रता को 13,020, अरूणा को 12,849 तथा पूनम सिंह को 7,247 मत मिल चुके थे। हालांकि, चौथे राउंड में अरूणा शंकर ने निर्णायक बढ़त बना ली। इस राउंड में उन्हें 4,929 वोट मिले, जबकि नम्रता को 3,274 और पूनम सिंह को 2,973 मत प्राप्त हुए। कुल मतों में अरूणा 17,778 वोट के साथ आगे निकल गईं। पांचवें और अंतिम राउंड में अरूणा शंकर ने अपनी बढ़त कायम रखते हुए 6,391 मत हासिल किए और अंततः 3,122 वोटों से जीत सुनिश्चित कर ली।
अन्य नगर निकायों के परिणाम : पलामू जिले के अन्य नगर निकायों में भी चुनाव परिणाम घोषित किए गए। विश्रामपुर नगर परिषद अध्यक्ष पद पर गीता देवी, हुसैनाबाद नगर पंचायत से अजय भारती, छतरपुर से अरविंद गुप्ता उर्फ चुनमुन तथा हरिहरगंज से शीला चौधरी ने जीत दर्ज की। इसके अलावा विभिन्न वार्डों में पार्षद पद के लिए भी अलग-अलग उम्मीदवार विजयी घोषित किए गए। पलामू के पांच नगर निकाय क्षेत्रों की मतगणना जीएलए कॉलेज परिसर में शुक्रवार सुबह 8 बजे से शुरू होकर देर रात 12:30 बजे तक चली। मतगणना के लिए कुल 79 टेबल बनाए गए थे। प्रत्येक नगर निकाय के लिए अलग काउंटर की व्यवस्था की गई थी। मतगणना केंद्र पर प्रवेश से पहले कर्मियों की पहचान सुनिश्चित की गई तथा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा और पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन पूरी प्रक्रिया पर नजर बनाए रहीं। मेदिनीनगर नगर निगम की मतगणना 27 टेबल पर पांच राउंड में पूरी हुई, जबकि अन्य नगर निकायों की गिनती दो से तीन राउंड में संपन्न कराई गई। मतगणना कार्य के लिए 90 से अधिक पर्यवेक्षक और 170 से अधिक सहायक कर्मियों की तैनाती की गई थी।
जीत के बाद भावुक दिखीं अरूणा शंकर : विजय के बाद अरूणा शंकर ने नगरवासियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे जनता के प्रेम और विश्वास से अभिभूत हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव अभियान से लेकर मतदान दिवस तक जनता का समर्थन ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नगर में स्वच्छता, पेयजल, सड़क, प्रकाश व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में निरंतर कार्य किया जाएगा। समर्थकों ने इस जीत को लोकतंत्र और जनविश्वास की जीत बताते हुए खुशी जाहिर की।
