राष्ट्रमंडल शतरंज स्वर्ण पदक विजेता अधिराज मित्रा ने मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से की मुलाकात

Sports

Eksandeshlive Desk

रांची : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से शनिवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में राष्ट्रमंडल शतरंज चैंपियनशिप 2025 के अंडर-14 वर्ग के स्वर्ण पदक विजेता युवा खिलाड़ी अधिराज मित्रा ने शिष्टाचार मुलाकात की। मुलाकात के दौरान जमशेदपुर निवासी अधिराज मित्रा ने 7 से 16 नवंबर 2025 तक मलेशिया में आयोजित राष्ट्रमंडल शतरंज प्रतियोगिता में अपने अनुभव साझा किए।

मित्रा ने बताया कि प्रतियोगिता में राष्ट्रमंडल देशों के कई शीर्ष खिलाड़ियों ने भाग लिया था। अधिराज ने मुख्यमंत्री को यह भी बताया कि वे जमशेदपुर के लोयला स्कूल में कक्षा आठवीं के छात्र हैं। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने उनकी उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि झारखंड के खिलाड़ी लगातार राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने अधिराज मित्रा के उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर अधिराज की माता रुना मित्रा, पिता उत्तम मित्रा तथा उनके कोच अभिषेक दास भी उपस्थित रहे।

Spread the love