साहिबगंज: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की भावना को आगे बढ़ाते हुए जिले में युवाओं के शैक्षणिक व करियर विकास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सोमवार को उपायुक्त हेमंत सती ने फूलो झानो डिजिटल लाइब्रेरी का उद्घाटन किया और करियर गाइडेंस फेस्ट का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि केवल पढ़ाई ही नहीं, बल्कि सही समय पर सही मार्गदर्शन भी सफलता के लिए जरूरी है। उन्होंने बताया कि आज के दौर में करियर के अनेक नए अवसर उपलब्ध हैं, इसलिए विद्यार्थियों को स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर उसी दिशा में तैयारी करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि डिजिटल लाइब्रेरी में आधुनिक कंप्यूटर, हाई-स्पीड वाई-फाई और डिजिटल अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई गई है, जिससे छात्र-छात्राएं प्रतियोगी परीक्षाओं और उच्च शिक्षा की तैयारी कर सकेंगे। लाइब्रेरी सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक न्यूनतम शुल्क पर छात्रों के लिए खुली रहेगी। कार्यक्रम में करियर गाइडेंस फेस्ट के माध्यम से विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को विभिन्न करियर विकल्पों, प्रतियोगी परीक्षाओं और कौशल विकास से संबंधित जानकारी दी। मौके पर अपर समाहर्ता गौतम भगत, जिला योजना पदाधिकारी अनूप कुमार, डीपीएम जेएसएलपीएस मतीन तारीक, शिक्षकगण व बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
