Eksandeshlive Desk
रांची : भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) झारखंड राज्य परिषद की ओर से शताब्दी वर्ष समारोह रविवार को मनाया गया। मौके पर सबसे पहले राज्य कार्यालय से बाजे गाजे के साथ पार्टी कार्यालय के नवनिर्माण की आधारशिला रखी गई। शताब्दी पर समारोह में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव डी राजा, पश्चिम बंगाल के पूर्व मंत्री शिवकुमार मुखर्जी और पार्टी के प्रदेश सचिव महेंद्र पाठक उपस्थित थे। कार्यक्रम अटल वेंडर मार्केट के चौथे तले पर बने सभागार में आयोजित की गई। सभा की अध्यक्षता कन्हाई मल पहाड़िया, भारतीय किसान सभा के संयोजक भंते जैनेंद्र और तथागत अनिरुद्ध कुमार ने किया।
सभा को संबोधित करते हुए पार्टी के महासचिव डी राजा ने कहा कि पार्टी की 100 वर्षो में लगातार संघर्ष कर रही है। हम केवल चुनाव के लिए नहीं हैं। हम जनता की जन समस्याओं को लेकर के जन संघर्ष के लिए हैं, आज भी झारखंड में जल जंगल जमीन की लड़ाई अधूरा पड़ा हुआ है, जिसे कम्युनिस्ट पार्टी पूरा करेगी। हमने अपने संघर्ष के दौरान कई साथियों को खोया है फिर भी जनता के हित में जन आंदोलन को नहीं छोड़ा। जन आंदोलन के माध्यम से हम जन विश्वास को जीत कर झारखंड में एक विकल्प बनने का प्रयास करेंगे। पूर्व मंत्री किसान नेता शिवकुमार मुखर्जी ने कहा कि आज देश के किसान संकट के दौर से गुजर रहे हैं। दुनिया में युद्ध के नाम पर हहाकार मचा हुआ है। निर्दोष लोगों की हत्या की जा रही है और पूंजी की लड़ाई चल रही है। उन्होंने झारखंड के शहीदों को नमन करते हुए झारखंड में मजबूत कम्युनिस्ट पार्टी के निर्माण की अपील की। पार्टी के प्रदेश सचिव महेंद्र पाठक ने कहा कि झारखंड की खनिज संपदाओं को राज्य की सरकार माफियाओं से लुटवा रही है। चाहे केंद्र की सरकार हो या राज्य की सरकार दोनों सरकारें झारखंड की जल, जंगल, जमीन की सुरक्षा करने में असफल रही। समारोह में महासचिव डी राजा, पूर्व मंत्री शिवकुमार मुखर्जी, प्रदेश सचिव महेंद्र पाठक, राष्ट्रीय परिषद के सदस्य पीके पांडे, कन्हाई मल पहाड़िया, महादेव भंते, जैनेंद्र तथागत देवांशु सिंह सहित उपस्थित थे।
