Eksandeshlive Desk
पलामू : जिले के हरिहरगंज शहरी क्षेत्र अंतर्गत मेन रोड पुरानी बस स्टैंड के समीप असरफ अली के जनता डेन्टल निजी क्लीनिक में मंगलवार को इलाज के दौरान एक महिला की मौत हो गई। महिला की पहचान औरंगाबाद जिले के कुटुंबा थाना क्षेत्र अंतर्गत का सिमपुर गांव की 33 वर्षीय विज्यांति देवी (पति मुकेश चंद्र भारती) के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार विज्यांति देवी डॉ. असरफ अली के पास अपने पति के साथ दांत निकलवाने गई थी। आरोप है कि क्लीनिक संचालक डॉ. असरफ अली ने उपचार के दौरान महिला का दांत निकाला, जिसके बाद उसकी हालत अचानक बिगड़ गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई।
डॉक्टर पर लापरवाही और गलत इलाज का आरोप : मृतका के पति ने डॉक्टर पर लापरवाही और गलत इलाज का आरोप लगाया है। वहीं घटना के बाद डॉक्टर क्लीनिक बंद कर फरार बताया जा रहा है, जिससे मामले में संदेह और गहरा गया है। परिजनों की ओर से महिला को तुरंत हरिहरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक सुनील कुमार ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका के पति ने हरिहरगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और फरार डॉक्टर की तलाश की जा रही है। इस घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और लोग दोषी डॉक्टर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। इस संबंध में सीएचसी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. गोपाल प्रसाद ने बताया कि महिला की मौत के बाद निजी क्लीनिक को सील करने का आदेश प्राप्त हुआ है।
