जहर देकर और दुपटटे से गला घोंटकर की पति की हत्या, पत्नी गिरफ्तार

Crime

Eksandeshlive Desk

पलामू : जिले के नावाजयपुर थाना क्षेत्र के कतरी गांव में युवक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत मामले का पुलिस ने मंगलवार को खुलासा करते हुए उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार पत्नी ने ही पहले पति को जहर खिलाया और बाद में ओढ़नी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। 15 मार्च को पुलिस को सूचना मिली कि नावाजयपुर थाना क्षेत्र के कतरी गांव निवासी पंकज कुमार यादव (24) की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई है। सूचना मिलने पर वरीय पुलिस पदाधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम गठित कर घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की गई। पुलिस जब घटनास्थल पर पहुंची तो एक कमरे में पंकज कुमार यादव का शव पड़ा हुआ था और उसकी पत्नी भी वहीं मौजूद थी। पूछताछ में ग्रामीणों ने बताया कि पति-पत्नी दोनों कमरे के अंदर बंद थे। दरवाजा खुलवाने के बाद अंदर युवक का शव मिला।

पिंकी कुमारी उर्फ मधु अपने पति को पसंद नहीं करती थी : मौके पर जांच के दौरान पुलिस को शव के पास एक कपड़े में उल्टी के निशान और एक दुपटटा पर खून जैसे दाग मिले। इसके बाद पुलिस ने मृतक की पत्नी पिंकी कुमारी उर्फ मधु (22) से सख्ती से पूछताछ की। पूछताछ में उसने बताया कि वह अपने पति को पसंद नहीं करती थी, इसलिए उसने खाने में सल्फास की गोली मिलाकर खिला दी। जब पति उल्टी करने लगा तो उसने मौका पाकर अपनी ओढ़नी से उसका गला घोंटकर हत्या कर दी। बताया गया कि पिंकी कुमारी की शादी वर्ष 2024 में पंकज कुमार यादव से हुई थी। वह अधिकतर अपने मायके में ही रहती थी। उनका एक वर्षीय पुत्र है, जिसका कुछ दिन पहले जन्मदिन मायके में ही मनाया गया था। इस दौरान मृतक के साथ मारपीट होने की भी बात सामने आई है। मृतक के पिता सत्येंद्र यादव के आवेदन पर नावाजयपुर थाना में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। अनुसंधान के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आराेपी पत्नी पिंकी कुमारी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटनास्थल से खून के दाग लगी ओढ़नी, उल्टी लगे कपड़ा और आरोपी का वीवो कंपनी का मोबाइल फोन जब्त किया है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। इस कार्रवाई में पुलिस उपाधीक्षक राजेश यादव, पाटन अंचल के पुलिस निरीक्षक सुरेश कुमार मंडल, नावाजयपुर थाना प्रभारी सतीश कुमार गुप्ता, सहायक अवर निरीक्षक बिरेन्द्र कुमार मेहता, सशस्त्र बल के जवान तथा महिला चौकीदार सविता कुमारी शामिल थे।

Spread the love