अमेरिका की धमकी, 48 घंटे में होर्मुज जलडमरूमध्य नहीं खुला तो ईरान के सारे पावर प्लांट तबाह कर दिए जाएंगे, जवाब में तेहरान की ट्रंप को चुनौती

INTERNATIONAL

Eksandeshlive Desk

वाशिंगटन/तेहरान : अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच 28 फरवरी से छिड़े युद्ध का कोई अंत होता नहीं दिख रहा है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने धमकी दी है कि अगर 48 घंटों में होर्मुज जलडमरूमध्य नहीं खुला तो ईरान के सभी परमाणु ऊर्जा संयंत्र (पावर प्लांट) पूरी तरह तबाह कर दिए जाएंगे। इसका जवाब देते हुए ईरान की सेना ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को सीधी चुनौती दी है। सेना ने कहा है कि अगर अमेरिका देश के परमाणु ऊर्जा संयंत्रों (पावर प्लांट) पर अगर हमला करता है तो वह मध्य-पूर्व में ऊर्जा और जलशोधन के बुनियादी ढांचे को निशाना बनाएगी। ईरान की फार्स न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, इसके बाद ईरान की सेना ने कहा, “हमारी पिछली चेतावनी के बाद अगर दुश्मन (अमेरिका) ने ईरान के ईंधन और ऊर्जा के बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचाया, तो मध्य पूर्व में अमेरिका और उसकी समर्थक सरकारों से जुड़े सभी ऊर्जा, सूचना प्रौद्योगिकी और जलशोधन के बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया जाएगा।”

होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद किए जाने से गैस की कीमत में भारी उछाल

सीबीएस न्यूज और अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, राष्ट्रपति ट्रंप ने शनिवार रात अपने ट्रुथ सोशल पर लिखा, “अगर ईरान इस समय से 48 घंटों के भीतर बिना किसी ना नुकुर के होर्मुज जलडमरूमध्य को पूरी तरह से नहीं खोलता तो संयुक्त राज्य अमेरिका उसके विभिन्न परमाणु ऊर्जा संयंत्र पर हमला करके उन्हें पूरी तरह तबाह कर देगा। इसकी शुरुआत ईरान के सबसे बड़े पावर प्लांट से की जाएगी।” ईरान का सबसे बड़ा पावर प्लांट ‘बुशेहर परमाणु ऊर्जा संयंत्र’ है। यह दक्षिण-पश्चिमी ईरान में फारस की खाड़ी के तट पर स्थित है। यह ईरान का एकमात्र व्यावसायिक परमाणु ऊर्जा संयंत्र है। तीन सप्ताह पहले युद्ध शुरू होने के बाद से ईरान की सेना ने होर्मुज जलडमरूमध्य को जहाजों की आवाजाही के लिए लगभग पूरी तरह से बंद कर रखा है। इस अहम जलमार्ग से दुनिया भर के लगभग 20 प्रतिशत तेल की आवाजाही होती है। इसके बंद होने से गैस की कीमतों में भारी उछाल आया है। ट्रंप की यह धमकी तब आई है जब शुक्रवार को ट्रेजरी डिपार्टमेंट ने घोषणा की कि वह समुद्र में ईरानी तेल पर लगे प्रतिबंध हटा रहा है, ताकि कीमतों को कम किया जा सके।

आईआरजीसी ने कहा-इजराइल के आसमान पर ईरानी मिसाइलों का नियंत्रण

इस बीच, इस्लामिक रिवोल्यूशन गार्ड्स कॉर्प्स (आईआरजीसी) की एयरोस्पेस फोर्स के कमांडर ब्रिगेडियर जनरल सैयद माजिद मूसावी ने कहा कि इजराइल के आसमान पर ईरानी मिसाइलों का नियंत्रण है। उन्होंने कहा कि ईरान ने अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी को नतान्ज में अपनी परमाणु सुविधा पर अमेरिका और इजराइल के हमले के बारे में सूचित कर दिया है। आईआरजीसी की नौसेना के कमांडर, रियर एडमिरल अलीरेजा तंगसिरी ने अमेरिका को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि अगर हमला हुआ, तो फारस की खाड़ी में मौजूद ईरानी द्वीप अमेरिकी सैनिकों के लिए कब्रिस्तान बन जाएंगे। तंगसिरी ने कहा कि संयुक्त अरब अमीरात के अल-मिन्हाद एयर बेस और कुवैत के अली अल-सलेम एयर बेस पर मौजूद ठिकानों को तबाह किया जा चुका है।

Spread the love