Eksandeshlive Desk
रांची : किडनी हमारे शरीर के बेहद महत्वपूर्ण अंग हैं, जो खून से वेस्ट प्रोडक्ट्स और अतिरिक्त फ्लूड को फिल्टर करने, मिनरल बैलेंस बनाए रखने और ब्लड प्रेशर को नियंत्रित करने में अहम भूमिका निभाती हैं, लेकिन बदलती लाइफस्टाइल और बढ़ता मोटापा किडनी हेल्थ के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है। मैक्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल, साकेत के यूरोलॉजी, किडनी ट्रांसप्लांट, रोबोटिक्स और यूरो-ऑन्कोलॉजी विभाग के सीनियर कंसल्टेंट डॉ. रोहित कौशल के अनुसार, “मोटापे के कारण किडनी को ज्यादा मात्रा में खून फिल्टर करना पड़ता है, जिससे उन पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है। इस स्थिति को हाइपरफिल्ट्रेशन कहा जाता है, जो समय के साथ किडनी के टिश्यू को नुकसान पहुंचा सकता है और उनकी कार्यक्षमता को कम कर सकता है।” आज के समय में अनहेल्दी खानपान, कम फिजिकल एक्टिविटी और लंबे समय तक बैठकर काम करने की आदतों के कारण मोटापा तेजी से बढ़ रहा है। आमतौर पर मोटापे को हार्ट डिजीज और डायबिटीज से जोड़ा जाता है, लेकिन इसका किडनी पर पड़ने वाला असर अक्सर नजरअंदाज कर दिया जाता है।
