News by Sunil
रांची । राजधानी रांची के विद्यानगर स्थित शिव-हनुमान मंदिर में चैती दुर्गा नवरात्र के पावन अवसर पर पांचवें दिन मां स्कंदमाता की पूजा पूरे वैदिक विधि-विधान और गहन श्रद्धा के साथ संपन्न हुई। पूजा के साथ ही पूरा मंदिर परिसर भक्ति और आस्था के रंग में सराबोर नजर आया।प्रातः 7 बजे जैसे ही पूजा-अर्चना का शुभारंभ हुआ, शंखनाद, वैदिक मंत्रोच्चार और घंटियों की मधुर गूंज ने वातावरण को दिव्यता से भर दिया। इसके बाद सुबह 09:00 बजे दुर्गा पाठ तथा 10:30 बजे पंडित बृज बिहारी तिवारी द्वारा रामायण पाठ का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त किया।
भव्य आरती बनी आकर्षण का केंद्र
संध्या 7:00 बजे आयोजित भव्य आरती इस दिन का मुख्य आकर्षण रही। दीपों की जगमगाहट, भक्ति गीतों की स्वर लहरियां और सामूहिक आरती ने पूरे वातावरण को अलौकिक बना दिया। बड़ी संख्या में महिलाओं और पुरुषों ने इसमें भाग लिया। आरती के पश्चात श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।
सजावट और भक्ति का अद्भुत संगम
मंदिर परिसर को रंग-बिरंगे फूलों से आकर्षक रूप से सजाया गया है, वहीं आसपास की सड़कों को भव्य रोशनी से जगमगाया गया है। रात्रि में भक्ति संगीत और प्रकाश की छटा श्रद्धालुओं को एक अद्भुत आध्यात्मिक अनुभव प्रदान कर रही है।
नवरात्र में जारी रहेगा भक्ति कार्यक्रम
नवरात्र के नौ दिनों तक प्रतिदिन सुबह 7बजे पूजा और शाम 07:00 बजे आरती का आयोजन किया जा रहा है। साथ ही दुर्गा पाठ और रामायण पाठ का क्रम भी निरंतर जारी है। प्रतिदिन माता के विभिन्न स्वरूपों को विशेष भोग अर्पित कर प्रसाद के रूप में वितरित किया जा रहा है।
