बालेन्द्र शाह संसदीय दल के नेता चुने गए, शुक्रवार को लेंगे प्रधानमंत्री पद की शपथ

INTERNATIONAL

Eksandeshlive Desk

काठमांडू : राष्ट्रीय स्वतन्त्र पार्टी के वरिष्ठ नेता बालेन्द्र शाह को पार्टी का संसदीय दल का नेता चुन लिया गया है। वह आज ही राष्ट्रपति के समक्ष सरकार बनाने का औपचारिक दावा पेश करेंगे। नेपाल के सबसे युवा प्रधानमंत्री के रूप में उन्हें शुक्रवार को प्रधानमंत्री पद की शपथ दिलाये जाने की संभावना है। पार्टी अध्यक्ष रवि लामिछाने ने केंद्रीय समिति की बैठक में शाह के नाम का प्रस्ताव रखा। समिति ने सर्वसम्मति से उन्हें संसदीय दल का नेता चुना गया। बहुमत प्राप्त दल के संसदीय दल के नेता के रूप में बालेन्द्र शाह आज ही राष्ट्रपति के समक्ष सरकार बनाने का औपचारिक दावा पेश करेंगे। बालेन्द्र शाह शुक्रवार को प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने वाले हैं। राष्ट्रपति भवन में एक समारोह का आयोजन कर प्रधानमंत्री और मंत्रिमंडल के सदस्यों को शपथ दिलाई जाएगी। शपथग्रहण के लिए बालेन्द्र शाह की तरफ से कल दोपहर 12:३४ बजे का समय निर्धारित किया गया है।

नेपाल के नवनिर्वाचित सांसदों को प्रोटेम स्पीकर ने दिलाई शपथ : नेपाल में प्रतिनिधि सभा के नव-निर्वाचित सदस्यों ने गुरवार को पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण कर ली है। सिंहदरबार स्थित संघीय संसद के निर्माणाधीन बहुउद्देश्यीय भवन में प्रोटेम स्पीकर अर्जुन नरसिंह केसी ने नवनिर्वाचित सांसदों को शपथ दिलाई। संवैधानिक प्रावधानों के अनुसार शपथ ग्रहण नेपाल के संविधान के अनुच्छेद 99 और अनुच्छेद 91(5) तथा प्रतिनिधि सभा निर्वाचन अधिनियम, 2017 की धारा 75 के तहत अनिवार्य है। संसद सचिवालय ने पहले ही सांसदों से अनुरोध किया था कि वे औपचारिक पोशाक या अपनी सांस्कृतिक पहचान दर्शाने वाले वस्त्र पहनकर समारोह में उपस्थित हों। कार्यक्रम स्थल पर बैठने की व्यवस्था, रोस्ट्रम, सभामुख (स्पीकर) की कुर्सी तथा महासचिव, सचिवों और अन्य सचिवालय अधिकारियों के लिए निर्धारित स्थान सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ पूरी कर ली गई थीं। प्रतिनिधि सभा के 5 मार्च को हुए चुनाव में राष्ट्रीय स्वतन्त्र पार्टी 182 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी। इसके बाद नेपाली कांग्रेस को 38 सीटें, यूएमएल को 25, नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी को 17, श्रम संस्कृति पार्टी को 7 और राष्ट्रीय प्रजातंत्र पार्टी को 5 सीटें प्राप्त हुईं।

ओली ने चुनाव परिणामों को बताया अस्वाभाविक, अप्रत्याशित और जादुई : नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी (यूएमएल) के अध्यक्ष और पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने चुनाव परिणाम रहस्यमय होने की टिप्पणी की है। नवनिर्वाचित प्रतिनिधि सभा सदस्यों के शपथ ग्रहण के बाद गुरुवार को पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में यूएमएल से निर्वाचित सांसदों को संबोधित करते हुए उन्होंने यह बात कही। ओली ने कहा कि इस समय चुनाव के संदर्भ, प्रक्रिया और परिणाम पर अधिक टिप्पणी करने का समय नहीं है, लेकिन यह चुनाव अप्रत्याशित, अस्वाभाविक, अविश्वसनीय और जादुई प्रतीत होता है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान एमाले और उसके लक्ष्यों के विरोधियों ने गलत प्रचार किया। ओली ने कहा कि हमारे विरोधियों ने ‘समृद्ध नेपाल, सुखी नेपाली’ के लक्ष्य के खिलाफ दुष्प्रचार करते हुए देश में घृणा की राजनीति को बढ़ावा दिया। ओली ने यह भी दावा किया कि घृणा की राजनीति करने वालों को विभिन्न पक्षों से समर्थन मिला। उन्होंने यूएमएल सांसदों को सत्य के पक्ष में काम करने का निर्देश देते हुए कहा कि कौरवों की सेना बहुत बड़ी और असाधारण थी, जबकि पांडवों की सेना छोटी थी, लेकिन अंततः परिणाम सत्य के पक्ष में आया और हमेशा आता है। हम देश, जनता, शांति, सुशासन और विकास के लिए काम करते रहेंगे।

Spread the love