Eksandeshlive Desk
रांची : झारखंड के हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत कुसुंभा गांव में 12 वर्षीया बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या की घटना ने पूरे राज्य को झकझोर दिया है। इस मामले को लेकर ऑल झारखंड स्टूडेंट यूनियन (आजसू) पार्टी ने कड़ा रुख अपनाते हुए राष्ट्रीय महिला आयोग में शिकायत दर्ज कराई है। पार्टी के महासचिव संजय मेहता ने महिला आयोग को आवेदन सौंपा, जिसे आयोग ने स्वीकार कर लिया है। आयोग ने इस प्रकरण में आगे की कार्रवाई की जिम्मेदारी अपनी अवर सचिव शिवानी तोमर को सौंपी है, जो मामले की प्रक्रिया को आगे बढ़ाएंगी। आजसू पार्टी ने इस जघन्य अपराध की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने की मांग की है, ताकि दोषियों को जल्द से जल्द कड़ी सजा मिल सके।
संजय मेहता ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं के खिलाफ होने वाले ऐसे अपराधों में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जा सकती और दोषियों को सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए। इस बीच, पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया। पार्टी ने कहा कि वह न्याय की लड़ाई में पीड़ित परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और आगे भी उनका साथ देती रहेगी। आजसू ने राज्य सरकार से मांग की है कि मामले में त्वरित, निष्पक्ष और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही पूरे राज्य में महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को लेकर गंभीर चिंता जताते हुए कहा कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बचने नहीं दिया जाएगा। राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए संजय मेहता ने इस घटना को बेहद बर्बर बताया और कहा कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए पार्टी लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से भी इस दिशा में गंभीरता से काम करने की जरूरत बताई और आरोप लगाया कि राज्य सरकार कानून-व्यवस्था संभालने में विफल साबित हो रही है।
