कैंसर का समय पर पता लगना जीवन बचाने में सबसे महत्वपूर्ण

Education Ek Sandesh Live Health In Depth SOCIETY

ASHOK DWIVEDI
रांची: दी इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया की रांची शाखा की ओर से शुक्रवार को कैंसर से बचाव व जागरूकता विषय पर एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन आईसीएआई भवन, डॉ. मुक्ति शरण लेन, लालपुर, रांची में किया गया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जागरूकता बढ़ाना, इसके प्रारंभिक लक्षणों की पहचान तथा रोकथाम के उपायों के बारे में जानकारी देना था। इस अवसर पर मुख्य वक्ता प्रख्यात सर्जिकल ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. अभिनव शेखर व डॉ. संदीप कुमार ने उपस्थित सदस्यों व प्रतिभागियों को बताया कि कैंसर का समय पर निदान जीवन बचाने की कुंजी है व इसके लिए नियमित स्वास्थ्य जांच अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि तंबाकू सेवन, शराब, असंतुलित आहार व तनावपूर्ण जीवनशैली कैंसर के प्रमुख कारण हैं, जिन्हें नियंत्रित कर जोखिम को काफी हद तक कम किया जा सकता है। वक्ताओं ने जोर देते हुए कहा कि शरीर में किसी भी असामान्य लक्षण को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए व तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेनी चाहिए। उन्होंने संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, योग व सकारात्मक मानसिकता को अपनाने पर बल दिया। साथ ही बताया कि आज आधुनिक चिकित्सा तकनीकों की मदद से कई प्रकार के कैंसर का सफल उपचार संभव है, बशर्ते समय रहते उसकी पहचान हो जाए। उन्होंने महिलाओं में स्तन कैंसर व पुरुषों में ओरल कैंसर की बढ़ती घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए नियमित स्क्रीनिंग की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि जागरूकता ही सबसे बड़ा हथियार है, जिससे इस बीमारी से लड़ा जा सकता है। उन्होंने सभी से अपील की कि वे स्वयं जागरूक बनें व अपने परिवार व समाज को भी जागरूक करें। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए शाखा अध्यक्ष सीए अनीश जैन ने कहा कि आइसीएआइ रांची शाखा समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझते हुए इस प्रकार के जनहितकारी कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर करती रहेगी। चार्टर्ड अकाउंटेंट्स केवल आर्थिक क्षेत्र तक सीमित नहीं हैं, बल्कि सामाजिक जागरूकता फैलाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के प्रति लोगों को शिक्षित करना अत्यंत आवश्यक है, ताकि समय रहते इससे बचाव संभव हो सके।

Spread the love