Eksandeshlive Desk
तेहरान : पश्चिम एशिया में 35 दिनाें से जारी युद्ध के बीच अमेरिका और इजराइल ने दक्षिण-पश्चिमी ईरान के खुज़ेस्तान प्रांत के कई पेट्रो केमिकल प्लांट पर हवाई हमले कर उन्हें निशाना बनाया है। महशहर इलाके में हुए इन हमलों में कम-से-कम 5 लोग घायल हुए हैं, जबकि कई औद्योगिक ठिकानों को नुकसान पहुंचा है। ताजा घटनाक्रम ने क्षेत्र में पहले से जारी सैन्य तनाव को और बढ़ा दिया है। ईरान की सरकारी समाचार संस्था प्रेसईडी टीवी के अनुसार, शनिवार को स्थानीय समयानुसार सुबह 10:45 बजे अमेरिका और इजराइल ने ईरान के दक्षिण-पश्चिमी प्रांत खुज़ेस्तान में माैजूद छह पेट्रोकेमिकल प्लांट को निशाना बनाकर हवाई हमले किए, जिसमें कम-से-कम पांच लोग घायल हो गए हैं। इसके अलावा महशहर शहर के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में भी ये हमले किए गए। शहर के इन पेट्रोकेमिकल प्लांट में फज्र 1, फज्र 2, रिजाल, अबू अली, बंदर इमाम और अमीर कबीर शामिल हैं। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, ईरान और इराक के बीच शालमचेह सीमा चौकी पर भी हमला किया गया। इस हमले से गंभीर नुकसान पहुंचा है। शनिवार को जारी बयान में महशहर के पेट्रोकेमिकल क्षेत्र के जनसंपर्क विभाग ने कहा कि सभी कर्मचारियों को प्लांट से निकाल लिया गया है और क्षेत्र की बिजली काट दी गई है। बयान में कहा गया है कि आपातकालीन बचाव दल, चिकित्सा कर्मी और अग्निशमन विभाग कर्मी क्षेत्र में मौजूद हैं और स्थिति नियंत्रण में है।
एक ही दिन में अमेरिकी लड़ाकू विमान व 6 इजराइली ड्राेन मार गिराए : ईरान
इस बीच, ईरान की सैन्य इकाई इस्लामिक रिवोल्यूशन गार्ड्स कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने दावा किया है कि उसने एक ही दिन में एक लड़ाकू विमान और पांच ड्रोन/क्रूज मिसाइलों को मार गिराया है। आईआरजीसी ने इसे अमेरिका और इजराइल की वायु सेनाओं के लिए “काला दिन” बताया है। ईरान की अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी तसनीम न्यूज़ एजेंसी ने आईआरजीसी की तरफ से जारी बयान का हवाला देते हुए कहा कि शुक्रवार रात ईरान पर बड़े पैमाने पर हवाई हमले किए गए थे। इस दाैरान ईरान के हवाई रक्षकों ने एक अमेरिकी लड़ाकू विमान और पांच इजराइली हवाई प्रणालियों को मार गिराया, जो अमेरिकी और इजराइली वायुसेना के लिए काला दिन साबित हुआ। आईआरजीसी की एयरोस्पेस फोर्स ने खोमीन और ज़ंजन में दो क्रूज मिसाइल, इस्फ़हान के ऊपर दो एमक्यू-9 ड्रोन और बुशेहर में एक हर्मेस ड्रोन को नष्ट करने का दावा किया है। बताया गया कि ईरान के एकीकृत हवाई रक्षा नेटवर्क के तहत संचालित उन्नत हवाई रक्षा प्रणालियों के उपयोग से यह संभव हुआ। आईआरजीसी ने आगे कहा कि उसकी एयरोस्पेस रक्षा इकाइयों ने मध्य ईरान में एक उन्नत लड़ाकू विमान को भी सफलतापूर्वक मार गिराया। उसने कहा कि ईरान की हवाई रक्षा सेनाओं द्वारा निरंतर, अभिनव, सतत और सटीक निगरानी के साथ, देश का आसमान दुश्मन विमानों के लिए तेजी से असुरक्षित होता जाएगा। अमेरिका और इजराइल ने 28 फरवरी को ईरान पर हमला किया था। इस हमले में ईरान के सर्वाेच्च नेता अयातुल्ला सैयद अली खामेनेई समेत कई वरिष्ठ सैन्य कमांडरों और नागरिकों की माैत हाे गई थी। इसके जवाब में, ईरानी ने खाड़ी देशाें में माैजूद अमेरिका और इजराइल के सैन्य ठिकानों को निशाना बनाता आ रहा है।
