पूर्व टेनिस स्टार लिएंडर पेस ने भाजपा के साथ शुरू की नई राजनीतिक पारी, खेल ढांचे पर दिया जोर

NATIONAL

Eksandeshlive Desk

कोलकाता : भारत के पूर्व टेनिस स्टार लिएंडर पेस ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होकर अपनी नई राजनीतिक पारी की औपचारिक शुरुआत की है। उन्होंने राज्य में युवाओं के सशक्तिकरण और खेल ढांचे के विकास को अपनी प्राथमिकता बताया। दिल्ली से कोलकाता लौटने के बाद आयोजित संवाददाता सम्मेलन में पूर्व टेनिस स्टार ने शहर से अपने गहरे जुड़ाव का उल्लेख करते हुए इसे अपनी “मातृभूमि” बताया। उन्होंने कहा कि बंगाल के युवाओं को मजबूत बनाना जरूरी है ताकि राज्य “वृद्धाश्रम” में न बदल जाए। अपने बंगाली होने पर गर्व जताते हुए लिएंडर पेस ने कहा कि उनका जन्म और पालन-पोषण कोलकाता में हुआ और उनका इस शहर से भावनात्मक संबंध है। उन्होंने कहा कि मैंने अपने खेल जीवन की शुरुआत मैदान में की थी, लेकिन राज्य में क्रिकेट और फुटबॉल के अलावा अन्य खेलों के लिए पर्याप्त बुनियादी सुविधाओं की कमी है।

आगामी चुनाव लड़ेंगे या नहीं, स्पष्ट नहीं किया : पूर्व डेविस कप खिलाड़ी ने टेनिस सुविधाओं की कमी पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि राज्य में पर्याप्त इनडोर कोर्ट नहीं होने के कारण गर्मी और मानसून जैसे मौसम में खिलाड़ियों के प्रशिक्षण में बाधा आती है। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में टेनिस के लिए समर्पित स्टेडियम का अभाव है। उन्होंने आश्वासन दिया कि अवसर मिलने पर वह खेल बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए काम करेंगे। पेस ने कहा कि यदि सही सुविधाएं और समर्थन मिले तो बंगाल के युवा अपनी पूरी क्षमता दिखा सकते हैं। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि वह आगामी चुनाव लड़ेंगे या नहीं, लेकिन राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि भविष्य में वह खेल प्रशासन के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उल्लेखनीय है कि, पेस ने अक्टूबर 2021 में तृणमूल कांग्रेस का दामन थामा था। इससे पहले 2019 के लोकसभा चुनाव से पूर्व उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से भी मुलाकात की थी, जिससे उनकी राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं को लेकर चर्चा तेज हुई थी। अब भाजपा में शामिल होकर पेस ने सार्वजनिक जीवन में सक्रिय भूमिका निभाने का संकेत दिया है, खासकर ऐसे समय में जब भारत 2036 ओलंपिक जैसे दीर्घकालिक खेल लक्ष्यों पर ध्यान केंद्रित कर रहा है।

Spread the love