Eksandeshlive Desk
पलामू : मेदिनीनगर सदर थाना क्षेत्र के चियांकी में नेशनल हाईवे के अधूरे ओवरब्रिज पर जन्मदिन पार्टी मनाने के क्रम में स्कूटी सहित गिरकर एक छात्र की मौत हो गई। युवक की पहचान 15 वर्षीय अमन उरांव पिता अर्जुन उरांव के रूप में हुई है। वह पांकी रोड पोखराहा का रहने वाला था। घटना के समय उसकी मां सतबरवा इलाके में शादी समारोह में शामिल होने गई थी, जबकि पिता बनारस में काम करने के सिलसिले में गए हुए थे। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मएमसीएच में शनिवार काे सुबह 10 बजे शव का पोस्टमार्टम हुआ। अमन दो भाई और एक बहन में सबसे छोटा था। आठवीं कक्षा में पढ़ता था।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर शाम अमन के अलावा उसके कई साथी जन्मदिन पार्टी मनाने के लिए चियांकी में नेशनल हाईवे के अधूरे ओवरब्रिज पर गए थे। एमएमसीएच में मृतक के भाई चुन्नू उरांव ने जानकारी दी कि अमन को बर्थडे पार्टी में ले जाया गया था। उसे स्कूटी चलाने नहीं आता था। बावजूद उसके दोस्त ने चलाने के लिए दे दिया था। चलाने के क्रम में अचानक अनियंत्रित होकर ऊपर से नीचे गिर गया। चुन्नू के अनुसार बर्थडे पार्टी में पोखराहा गांव के ही अमन के पांच दोस्त शामिल थे जिनमें लड़कियां भी शामिल थी। इधर सदर थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। स्कूटी का रजिस्ट्रेशन नंबर (जेएच03ए 3175) है। सदर थाना प्रभारी लाल जी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि जन्मदिन मनाने के लिए पांच बच्चे फ्लाईओवर पर गए थे। मृतक की चचेरी बहन का जन्मदिन था। इसी क्रम में स्कूटी सहित गिरने से किशोर की मौत हाे गयी। अभी तक इस संबंध में कोई आवेदन नहीं मिला है। मामले में अपने स्तर से जांच की जा रही है।
