News by Sunil Verma
रांची: बिरला प्रौद्योगिकी संस्था मेसरा के रसायन विज्ञान विभाग ने इनोवेटिव कार्बन सॉल्यूशन्स, कैटालिसिस एवं नैनोमैटेरियल्स फॉर नेक्स्ट-जनरेशन टेक्नोलॉजीज़” विषय पर केंद्रित केमिस्ट्री लेक्चर सीरीज़–2026 का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में प्रख्यात वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं, शिक्षाविदों एवं छात्रों ने भाग लिया और रासायनिक विज्ञान के नवीनतम शोध एवं तकनीकी प्रगति पर विचार-विमर्श किया।इस व्याख्यान श्रृंखला में विशिष्ट वक्ताओं के रूप में प्रो. पॉल मैकगोनिगल (ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय, यूके), प्रो. हेराल्ड बॉक (बोर्दो विश्वविद्यालय, फ्रांस), प्रो. चिन्मय हाजरा (भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, दिल्ली) तथा डॉ. शेनांग्शु पात्रा (एलीटेक हाइड्रोजन रिसोर्स प्राइवेट लिमिटेड) शामिल रहे। इन विशेषज्ञों ने वैश्विक प्रवृत्तियों एवं उभरते शोध क्षेत्रों पर अपने विचार साझा किए।कार्यक्रम के अंतर्गत मुख्य व्याख्यान, तकनीकी सत्र तथा “एडवांस्ड मटेरियल्स एवं सतत विकास लक्ष्य” विषय पर एक प्लेनरी चर्चा आयोजित की गई, जिसने प्रतिभागियों के बीच सक्रिय सहभागिता एवं सार्थक शैक्षणिक संवाद को प्रोत्साहित किया।इस श्रृंखला के प्रमुख विषयों में उन्नत बायोमैटेरियल्स एवं औषधीय अनुप्रयोग, कार्बनिक एवं औषधीय रसायन विज्ञान में नवाचार, नवीकरणीय ऊर्जा एवं कृत्रिम प्रकाश संश्लेषण, नैनोप्रौद्योगिकी एवं उत्तरदायी (रिस्पॉन्सिव) पदार्थ, तथा उत्प्रेरण (कैटालिसिस) एवं संगणकीय रसायन विज्ञान शामिल रहे। इस व्याख्यान श्रृंखला का मुख्य उद्देश्य शैक्षणिक सहयोग को बढ़ावा देना, नवाचार को प्रेरित करना तथा छात्रों एवं शोधकर्ताओं को रासायनिक विज्ञान के वैश्विक रुझानों से अवगत कराना था।यह कार्यक्रम संस्थान के कुलपति प्रोफेसर इंद्रनील मन्ना, के संरक्षण में आयोजित किया गया तथा रसायन विज्ञान विभाग द्वारा प्रो. सुमित मिश्रा एवं डॉ. अनिर्बन प्रधान के नेतृत्व में संपन्न हुआ।वर्ष 1955 में स्थापित बिरला प्रौद्योगिकी संस्थान, मेसरा एक प्रतिष्ठित संस्थान है, जो गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, उन्नत शोध एवं नवाचार के लिए जाना जाता है। रसायन विज्ञान विभाग अपने प्रभावशाली शोध कार्य, उद्योग सहयोग एवं आधुनिक प्रयोगशाला सुविधाओं के माध्यम से निरंतर उत्कृष्टता का प्रदर्शन कर रहा।
