सीसीटीवी में कैद हुए सुपर चोर
MUSTFA
मेसरा/रांची: ओरमांझी थाना क्षेत्र अंतर्गत, रांची-पटना नेशनल हाईवे (NH-33) पर स्थित मां ज्वेलर्स में हुई सनसनीखेज चोरी का मामला गरमाता जा रहा है। गिरोह की दुस्साहसिक कार्यशैली का खुलासा अब सामने आए सीसीटीवी फुटेज से हुआ है, जिसमें नकाबपोश अपराधी फिल्मी अंदाज में वारदात को अंजाम देते नजर आ रहे हैं। शटर काटते वक्त बगल से गुजरी पीसीआर वैन, पुलिस को भनक तक नहीं। घटना बीती रात करीब 2:30 बजे की है। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, सफेद कार से आए पांच नकाबपोश अपराधी यशोदा कॉम्प्लेक्स स्थित मां ज्वेलर्स के बाहर उतरे। उनके पास आधुनिक आयरन कटर और विशेष स्प्रे था। अपराधी इतने शातिर थे कि उन्होंने महज कुछ ही मिनटों में दुकान का शटर काट डाला और भीतर प्रवेश कर गए। हैरान कर देने वाली बात यह है कि जिस वक्त अपराधी शटर काट रहे थे,ठीक उसी समय सड़क से पुलिस की पीसीआर वैन गुजरी। सीसीटीवी कैमरे में पुलिस वैन की लाइटें साफ नजर आ रही हैं। लेकिन खाकी को दुकान के बाहर हो रही इस संदिग्ध गतिविधि की भनक तक नहीं लगी और वे आगे बढ़ गए। दुकान के भीतर दाखिल होते ही अपराधियों ने ताबड़तोड़ तरीके से गहने समेटना शुरू कर दिया। वे केवल 10 मिनट तक दुकान के अंदर रहे, लेकिन इस बीच उन्होंने 50 ग्राम सोना (कीमत 7.50 लाख), 4 किलो चांदी (कीमत 9 लाख) और 20 हजार नकद उड़ा लिए। फुटेज के मुताबिक, अपराधियों की मुख्य कोशिश दुकान के मुख्य लॉकर को तोड़ने की थी। वे लॉकर का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त करने में कामयाब भी हुए, लेकिन उसे पूरी तरह खोलने में विफल रहे। अगर लॉकर टूट जाता, तो नुकसान करोड़ों में हो सकता था।
व्यापारियों में भारी आक्रोश, पुलिस गश्त पर सवाल
थाने से कुछ ही दूरी पर और व्यस्त नेशनल हाईवे पर हुई इस डकैती से स्थानीय व्यापारियों में भारी आक्रोश और दहशत का माहौल है। व्यापारियों का कहना है कि जब पुलिस पेट्रोलिंग के बावजूद मुख्य सड़क की दुकानें सुरक्षित नहीं हैं,तो बाकी ग्रामीण इलाकों की सुरक्षा का क्या हाल होगा। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी पुलिस गश्त की पोल खुलने पर चिंता व्यक्त की है। उनका कहना है कि यह घटना पुलिस की लापरवाही को उजागर करती है। ओरमांझी थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और घटनास्थल से मिले सबूतों के आधार पर जांच तेज कर दी है। पुलिस को संदेह है कि यह किसी पेशेवर अंतरराज्यीय गिरोह का काम है,जिसने पहले भी इस तरह की घटनाओं को अंजाम दिया है। अपराधियों ने बेहद सुनियोजित तरीके से रेकी के बाद इस वारदात को अंजाम दिया है। फिलहाल इलाके के सभी सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है और पुलिस का दावा है कि जल्द ही अपराधियों को पकड़ लिया जाएगा।
