Eksandeshlive Desk
कोलेबिरा (सिमडेगा) : कहते हैं कि “मंजिल उन्हीं को मिलती है जिनके सपनों में जान होती है, पंखों से कुछ नहीं हौसलों से उड़ान होती है।” इस कथन को चरितार्थ करते हुए कोलेबिरा प्रखंड के राजकीयकृत माध्यमिक उच्च विद्यालय, जितियाटोली के विद्यार्थियों ने मैट्रिक परीक्षा 2026 में शत-प्रतिशत सफलता हासिल कर इतिहास रच दिया है। यह उपलब्धि इसलिए और भी खास है क्योंकि विद्यालय के पास न तो पर्याप्त संसाधन हैं और न ही हाई स्कूल स्तर के शिक्षक उपलब्ध हैं।
उत्क्रमित होने के बाद यह पहला अवसर था जब इस विद्यालय के छात्र मैट्रिक परीक्षा में शामिल हुए। भवन की कमी के कारण कक्षा 9वीं और 10वीं के छात्र पेड़ के नीचे बैठकर पढ़ाई करने को मजबूर रहे, लेकिन कठिन परिस्थितियों के बावजूद विद्यार्थियों ने हिम्मत नहीं हारी और अपनी मेहनत के दम पर शानदार परिणाम हासिल किया। कुल 11 परीक्षार्थियों में सभी 11 छात्र सफल रहे, जिनमें 4 प्रथम श्रेणी, 6 द्वितीय श्रेणी और 1 तृतीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुआ। विद्यालय के इस ऐतिहासिक प्रदर्शन से क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों और अभिभावकों ने छात्रों की लगन और शिक्षकों के समर्पण की सराहना करते हुए इसे पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणादायक बताया। विद्यालय परिवार द्वारा बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्रों प्रीतम लोहरा (73.80%), सायना परवीन (70.20%) और नीरज लोहरा (62.20%) को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। इस अवसर पर प्रधानाध्यापक मनोज कुमार बड़ाईक, शिक्षक लालधन नायक, देवदर्शन बड़ाईक, चंद्रनाथ भगत, एवलिन होरो, ऊषा तारा टेटे सहित कई अभिभावक और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सीमित संसाधनों के बीच मिली यह सफलता आज जितियाटोली विद्यालय को पूरे जिले में एक नई पहचान दिला रही है।
