पुरानी रंजिश में महिला पर चाकू से हमला, हालत गंभीर

360° Crime Ek Sandesh Live

घायल महिला सदर अस्पताल में भर्ती, पुलिस जांच में जुटी

SUNIL KUMAR

साहिबगंज: जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर एक महिला पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घटना शनिवार रात की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, सोतीचैकी पांगड़ो बड़ा तौफीर, मदनशाही निवासी मुकुल गोंड की पत्नी रिंकी मोसमात (32) पर गांव के ही कुछ लोगों ने हमला कर दिया। परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को तुरंत सदर अस्पताल, साहिबगंज में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सक डॉ. कुमार अंकित द्वारा उसका इलाज किया जा रहा है। घायल महिला ने आरोप लगाया है कि सकरीगली मंगल बाजार निवासी चंद्रकांत पांडे, मदनशाही की सुनीता मोसमात और एक अन्य महिला ने उसके साथ मारपीट की। इसी दौरान चंद्रकांत पांडे ने उस पर चाकू से हमला कर दिया।

महिला के अनुसार, चंद्रकांत पांडे के साथ पिछले करीब दो वर्षों से पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा है। उसने बताया कि उसने महिला समूह से लोन लेकर चंद्रकांत को पैसे दिए थे, लेकिन वह अब तक पैसा वापस नहीं कर रहा है। इसको लेकर पहले भी कई बार विवाद हो चुका है और आरोपी द्वारा केस उठाने के लिए धमकी दी जाती रही है। हमले में महिला को गर्दन के पीछे गंभीर चोट लगी है, जबकि उसका दाहिना हाथ भी जख्मी हो गया है। फिलहाल उसका इलाज अस्पताल में जारी है। इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Spread the love