By Mustaffa
रांची: झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जेएसी) द्वारा आयोजित इंटरमीडिएट (कला संकाय) 2026 के परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। इस वर्ष के नतीजों ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। राज्य की मेरिट लिस्ट में टॉप तीन स्थानों पर छात्राओं ने कब्जा जमाकर नारी शक्ति का लोहा मनवाया है। ओरमांझी प्रखंड के लिए सबसे गौरवशाली क्षण तब आया जब प्रोजेक्ट +2 उच्च विद्यालय,सदमा की छात्रा अंशु कुमारी ने पूरे राज्य में तीसरा स्थान (473 अंक) प्राप्त किया। श्रवण लोहरा की सुपुत्री अंशु ने अपनी कड़ी मेहनत और लगन से न केवल अपने विद्यालय,बल्कि पूरे जिले का नाम रोशन किया है। जारी आंकड़ों के अनुसार,इस वर्ष तीनों ही संकायों (कला,विज्ञान और वाणिज्य) में छात्राओं का प्रदर्शन छात्रों की तुलना में बेहतर रहा है। कला संकाय की राज्य टॉपर सूची इस प्रकार है: छोटी कुमारी (478 अंक) प्रथम स्थान,अंकिता कुमारी (474 अंक) द्वितीय स्थान,अंशु कुमारी (473 अंक) तृतीय स्थान। अंशु कुमारी की इस उत्कृष्ट सफलता पर उनके घर और क्षेत्र में जश्न का माहौल है। परिजनों के साथ-साथ क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों और शिक्षाविदों ने अंशु को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएँ दी हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अंशु की यह उपलब्धि गांव की अन्य लड़कियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। गणमान्य व्यक्तियों और शिक्षाविदों ने कहा,अंशु की सफलता यह दर्शाती है कि यदि सही मार्गदर्शन और अवसर मिले,तो ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाएं भी शिखर तक पहुँच सकती हैं।
