Eksandeshlive Desk
रांची: स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा है कि ओमान के साथ स्वास्थ्य एवं मेडिकल क्षेत्र में जल्द टाई-अप किया जाएगा। ओमान में विकसित आधुनिक कैंसर दवाइयों और उपचार तकनीक को झारखंड तक लाने की संभावनाओं पर भी खास बातचीत हुई है। स्वास्थ्य मंत्री गुरुवार को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित अंतरराष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बाद जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 32 देशों के प्रतिनिधियों ने अत्याधुनिक चिकित्सा तकनीक, मेडिकल उपकरण, नई दवाइयों और डिजिटल हेल्थ से जुड़ी तकनीकों का प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि कैंसर मरीजों को बेहतर और आधुनिक उपचार उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। जर्मनी की सीमेंस के साथ रोबोटिक टेक्नोलॉजी और आधुनिक चिकित्सा उपकरणों को लेकर विशेष स्तर पर बातचीत की जाएगी।
जनवरी में इस दिशा में महत्वपूर्ण चर्चा प्रस्तावित है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्य की पुरानी स्वास्थ्य व्यवस्था में आमूलचूल बदलाव कर आधुनिक तकनीक, नई दवाइयों और बेहतर उपचार सुविधाओं को शामिल करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। दुनिया में उपलब्ध बेहतर चिकित्सा तकनीक को झारखंड तक लाने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सहयोग की संभावनाएं तलाश की जा रही हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सरकारी अस्पतालों में एआई, रोबोटिक सर्जरी, आधुनिक इमेजिंग सिस्टम, डिजिटल हेल्थ और अत्याधुनिक डायग्नोस्टिक सुविधाएं मजबूत की जाएंगी। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य आलोचनाओं का जवाब देना नहीं, बल्कि लोगों की जान बचाना और मरीजों को समय पर बेहतर इलाज उपलब्ध कराना है। उन्होंने झारखंड में मेडिकल एंड हेल्थ टेक्नॉलोजी कॉन्क्लेव आयोजित करने की बात कही। इसमें देश-विदेश की मेडिकल कंपनियों, डॉक्टरों और विशेषज्ञों को आमंत्रित किया जाएगा। इस अवसर पर उप सचिव नेहा अरोड़ा, सचिव शशि प्रकाश सिंह, रितु सहाय सहित अन्य मौजूद थे।
