रांची: ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन छात्र संघ ने रांची विश्विद्यालय में क्लस्टर और रिस्ट्रक्टिंग सिस्टम के विरोध में विश्विद्यालय गेट से अल्बर्ट एक्का चौक तक विरोध प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन किया।कार्यक्रम के बाद आजसू छात्र संघ के प्रदेश वरीय उपाध्यक्ष ऋतुराज शाहदेव ने कहा कि झारखंड सरकार के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग की ओर से जारी संकल्प जारी कर रांची विश्वविद्यालय और इसके अंतर्गत संचालित अंगीभूत महाविद्यालयों एवं झारखंड के अन्य विश्वविद्यालयों में शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक पदों के रिस्ट्रकक्टिंग और क्लस्टर सिस्ट्म को लागू करने का प्रस्ताव रखा गया है।यह प्रस्ताव राज्य की उच्च शिक्षा व्यवस्था, विद्यार्थियों, शिक्षक, कर्मचारियों तथा झारखंड की भाषाई एवं सांस्कृतिक अस्मिता के लिए अत्यंत चिंताजनक, अव्यावहारिक और जनविरोधी प्रतीत होता है। इसलिए आजसू इस व्यवस्था का विरोध करते हुए मुख्यमंत्री से इसे तत्काल निरस्त करने की मांग करती है।उन्होंने कहा कि झारखंड सामाजिक, आर्थिक एवं शैक्षणिक दृष्टि से अभी भी विकासशील राज्यों की श्रेणी में आता है। राज्य के अधिकांश विद्यार्थी ग्रामीण, आदिवासी, दलित, पिछड़े और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आते हैं। ऐसे विद्यार्थी सीमित संसाधनों के बीच अपने निकटवर्ती महाविद्यालयों में अध्ययन कर पाते हैं। वर्तमान व्यवस्था में एक ही महाविद्यालय में कला, विज्ञान और वाणिज्य संकाय उपलब्ध रहने से विद्यार्थियों को विषय चयन की स्वतंत्रता, सहज एवं संतुलित शैक्षणिक वातावरण प्राप्त होता है।लेकिन प्रस्तावित क्लिस्ट्र सिस्टम के अंतर्गत किसी महाविद्यालय को केवल विज्ञान, किसी को केवल कला और किसी को केवल वाणिज्य या अन्य विषयों तक सीमित करने का प्रयास किया जा रहा है। यह व्यवस्था पूर्णतः अव्यावहारिक, छात्र-विरोधी और शिक्षा विरोधी है। यदि विद्यार्थियों को अलग-अलग संकायों के लिए विभिन्न महाविद्यालयों में जाना पड़ेगा तो राज्य की संपूर्ण उच्च शिक्षा व्यवस्था गंभीर रूप से प्रभावित होगी।वहीं प्रदेश सचिव राजेश सिंह ने कहा कि गरीब और ग्रामीण विद्यार्थियों पर प्रतिकूल प्रभाव इस व्यवस्था के कारण गरीब एवं ग्रामीण विद्यार्थियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। उन्हें परिवहन, आवास एवं अन्य खर्च वहन करने पड़ेंगे, जो अधिकांश परिवारों के लिए संभव नहीं है। परिणामस्वरूप बड़ी संख्या में विद्यार्थी उच्च शिक्षा छोड़ने को विवश होंगे। इस मौके पर आजसू छात्र संघ के अमित यादव, प्रताप सिंह, सौरभ यादव, अंकित कुमार, अब्दुल ख़ान, रवि रौशन, अनुका, रिशव, कृष सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।
