गिरिडीह : गिरिडीह टुंडी रोड क्षेत्र के ग्रामीणों और स्थानीय श्रमिकों ने बालमुकुंद स्पंज आयरन फैक्ट्री के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए गेट जाम आंदोलन शुरू कर दिया है। ग्रामीणों का आरोप है कि वर्षों से फैक्ट्री के प्रदूषण और खेती को हो रहे नुकसान की मार झेलने के बावजूद स्थानीय लोगों को रोजगार नहीं मिल रहा है।ग्रामीणों का कहना है कि फैक्ट्री में 25 प्रतिशत से भी कम स्थानीय श्रमिक कार्यरत हैं और उनमें से कई को न्यूनतम मजदूरी तक नहीं दी जा रही। हाल ही में फैक्ट्री प्रबंधन द्वारा पांच स्थानीय मजदूरों को काम से हटाने और उन पर मुकदमा दर्ज कराने से नाराजगी और बढ़ गई।श्रमिकों ने श्रम विभाग में आवेदन देने के साथ 14 दिनों तक धरना भी दिया, लेकिन सुनवाई नहीं होने पर ग्रामीणों और मजदूरों ने संयुक्त रूप से फैक्ट्री गेट जाम कर अपनी मांगों के समर्थन में आंदोलन तेज कर दिया है।
