गिरिडीह में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़: जुड़वां नाबालिग बहनों को कराया गया मुक्त

Crime Ek Sandesh Live

मास्टरमाइंड महिला गिरफ्तार

गिरिडीह: गिरिडीह पचंबा थाना पुलिस ने नाबालिग लड़कियों को बंधक बनाकर उनसे देह व्यापार कराने वाले सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने बोडो इलाके में छापेमारी कर दो नाबालिग लड़कियों को सुरक्षित बरामद किया, जबकि पूरे धंधे की मास्टरमाइंड महिला को मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सिरसिया से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार महिला गांव की नाबालिग लड़कियों को काम दिलाने का झांसा देकर गिरिडीह शहर बुलाती थी और बाद में उनसे जबरन अश्लील काम करवाती थी। छापेमारी के दौरान दोनों नाबालिगों को पचंबा थाना क्षेत्र के बोडो से बरामद किया गया। पचंबा थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि बरामद दोनों नाबालिगों ने फोन के माध्यम से सूचना दी थी कि उन्हें वहां जबरन रखकर अश्लील काम कराया जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने टीम के साथ बोडो में त्वरित छापा मारा और दोनों को मुक्त कराया। पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही आरोपी महिला मौके से फरार हो गई थी, जिसे बाद में सिरसिया से गिरफ्तार किया गया।

बरामद नाबालिगों ने पुलिस को बताया कि वे दोनों सगी जुड़वां बहनें हैं। मंगलवार को जब उन्होंने घर जाने की जिद की तो आरोपी महिला ने उनके साथ गाली-गलौज की और बाहर जाने से रोक दिया। घर जाने नहीं दिए जाने पर उन्होंने किसी तरह पुलिस को फोन कर जानकारी दी। नाबालिग लड़कियों ने पूछताछ में बताया कि महिला ने उन्हें काम का झांसा दिया था। काम दिलवाने के बहाने बुलाकर जबरदस्ती देह व्यापार करवाया जाता था। विरोध करने पर महिला उन्हें प्रताड़ित करती थी और घर भी जाने नहीं दिया जाता था।

नाबालिगों ने बताया कि उनके साथ और भी कई नाबालिग लड़कियों को नौकरी का झांसा देकर लाया जाता था और अलग-अलग जगह भेजा जाता था। दोनों नाबालिगों को बोडो में करीब 15 दिन से रखा गया था। पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी महिला बेहद शातिर तरीके से अवैध धंधा चला रही थी। वह पहले किसी शांत और एकांत इलाके में किराए पर कमरा लेकर धंधा शुरू करती थी। आसपास के लोगों को अवैध गतिविधि की भनक लगते ही तुरंत ठिकाना बदल लेती थी। इसी तरीके से वह अलग-अलग इलाकों में जगह बदलकर लंबे समय से कारोबार चला रही थी। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस नेटवर्क में महिला अकेली नहीं थी, बल्कि इसमें कई अन्य लोग भी शामिल थे। पुलिस उन सभी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

पचंबा थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि एक महिला को हिरासत में लिया गया है और दो नाबालिग बरामद की गई हैं। पुलिस सभी से पूछताछ कर रही है। पूछताछ पूरी होने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

Spread the love