लापता नहीं, अपनों से रूठकर रिश्तेदार के घर गया था विवेक

360° Ek Sandesh Live

​मां की गुहार के बाद पुलिस तंत्र हुआ था सक्रिय,सकुशल बरामदगी से परिजनों ने ली राहत की सांस

मेसरा (रांची): ओरमांझी थाना क्षेत्र के सिंयारी टोला गांव से अचानक लापता हुए किशोर विवेक अंश मुंडा को लेकर सस्पेंस खत्म हो गया है। पुलिस व परिजनों की सक्रियता के बाद विवेक को सकुशल बरामद कर लिया गया है। जांच में सामने आया है कि विवेक लापता नहीं हुआ था,बल्कि घर में मां और दीदी की डांट से नाराज होकर बिना बताए अपने एक रिश्तेदार के घर चला गया था। परिजनों के अनुसार,घटना से पूर्व विवेक को उसकी बड़ी बहन ने किसी बात पर डांट दिया था। इसी बात से क्षुब्ध होकर वह 26 मई की सुबह करीब आठ बजे बिना किसी को कुछ बताए घर से निकल गया था। ​विदित हो कि विवेक की मां मंजु देवी ने ओरमांझी थाने में लिखित आवेदन देकर अपने पुत्र के लापता होने की सनहा दर्ज कराई थी। आवेदन में बताया गया था कि 26 मई की सुबह से विवेक गायब था,जिसके बाद रिश्तेदारों और दोस्तों के हर संभावित ठिकाने पर उसकी काफी खोजबीन की गई थी। किशोर का कोई सुराग न मिलने पर परेशान मां ने पुलिस से मदद की गुहार लगाई थी। ​मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने त्वरित छानबीन शुरू की। इस बीच तकनीकी इनपुट और स्थानीय सूचना के आधार पर पता चला कि बालक अपने ही एक रिश्तेदार के यहाँ पूरी तरह सुरक्षित है। किशोर की सकुशल बरामदगी के बाद मां मंजु देवी और पूरे परिवार ने राहत की सांस ली है और राहत जताते हुए पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया है।

Spread the love