​नेवरी पंचायत में भू-माफियाओं का दुस्साहस: 10 फीट ऊंची दीवार खड़ी कर बंद किया सदियों पुराना रास्ता और प्राकृतिक सिंचाई नाला

360° Ek Sandesh Live

BY MUSTAFFA

मेसरा (​रांची): राजधानी रांची के ग्रामीण इलाकों में भू-माफियाओं के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब वे सार्वजनिक बुनियादी ढांचों और प्राकृतिक संसाधनों को भी अपना निशाना बनाने लगे हैं। ताजा मामला रांची के बीआईटी मेसरा ओपी अंतर्गत नेवरी पंचायत (गुरुदा गढ़ा) का है। जहां भू-माफियाओं द्वारा अवैध कब्जे,दबंगई और किसानों के दमन का एक बेहद गंभीर और संवेदनशील मामला सामने आया है। पीड़ित किसानों ने इस संबंध में स्थानीय थाना प्रभारी को एक लिखित शिकायती पत्र सौंपकर न्याय और सुरक्षा की गुहार लगाई है। ​क्या है पूरा मामला ? ​प्राप्त जानकारी के अनुसार,नेवरी पंचायत के गुरुदा गढ़ा स्थित प्लॉट नंबर 504,333,334 एवं अन्य जमीनों पर भू-माफियाओं की गिद्ध नजर लग गई है। स्थानीय पीड़ित किसानों का आरोप है कि भू-माफियाओं ने पहले धोखे व धोखाधड़ी से किसानों के रास्ते की जमीन अपने नाम लिखवाई और अब उस मुख्य रास्ते पर 10 फीट ऊंची मजबूत बाउंड्री वॉल (दीवार) और लोहे का विशाल गेट खड़ा कर आम रास्ते को पूरी तरह से ब्लॉक कर दिया है। ​दबंगों की क्रूरता यहीं नहीं थमी,उन्होंने सदियों पुराने प्राकृतिक सिंचाई नाले को भी इस नव-निर्मित बाउंड्री वॉल के अंदर घेरकर पूरी तरह से बंद कर दिया है। इसके कारण क्षेत्र के करीब 100 से अधिक किसानों के खेतों तक पानी पहुंचना बंद हो गया है,जिससे फसलों की सिंचाई पूरी तरह ठप हो गई है। किसानों का कहना है कि पानी और रास्ता बंद होने से उनकी लहलहाती फसलें बर्बाद होने की कगार पर हैं। ​किसानों ने आरोप लगाया है कि यह सब एक सोची-समझी गहरी साजिश के तहत किया जा रहा है। रास्ता और पानी बंद कर ये माफिया किसानों को इस कदर मजबूर कर देना चाहते हैं कि वे अपनी सदियों पुरानी पुश्तैनी खेती छोड़ दें और अपनी कीमती जमीनों को इन माफियाओं के हाथों औने-पौने दाम में बेचने को विवश हो जाएं। जमीन हड़पने का यह क्रूर मॉडल अब इस शांत ग्रामीण इलाके में भारी तनाव का कारण बन गया है। ​अपनी इस अवैध और दमनकारी साजिश को अंजाम देने के लिए भू-माफियाओं ने इलाके में खौफ का माहौल बना रखा है। ग्रामीणों के अनुसार,बाहर से डराने-धमकाने वाले असामाजिक तत्वों और अज्ञात गुंडों को बुलाकर वहां तैनात किया गया है। ये असामाजिक तत्व दिन-रात वहां पहरा देते हैं और खेतों की तरफ जाने वाले गरीब किसानों को डराते-धमकाते हैं। इसके कारण पूरे क्षेत्र के किसान और उनके परिवार अत्यंत भयभीत हैं तथा किसी बड़ी अप्रिय घटना या जान-माल के नुकसान की आशंका से सहमे हुए हैं। ​प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग करते हुए समस्त पीड़ित किसान भाइयों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों (नेवरी पंचायत के मुखिया एवं पंचायत समिति सदस्यों) ने पुलिस के समक्ष तीन मुख्य मांगें रखी हैं,तत्काल पुलिस बल भेजकर वहां मौजूद बाहरी असामाजिक तत्वों को खदेड़ा जाए और किसानों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। इस अवैध निर्माण,गेट और बाउंड्री वॉल को तत्काल हटवाकर आम रास्ता और प्राकृतिक सिंचाई नाला सुचारू रूप से चालू करवाया जाए। सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और अन्नदाताओं को प्रताड़ित करने के जुर्म में दोषियों पर प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। इस शिकायती पत्र पर बिरसा मुंडा,बिसु मुंडा,रंजीत मुंडा सहित दर्जनों पीड़ित किसानों के हस्ताक्षर हैं,साथ ही ग्राम पंचायत नेवरी के मुखिया और वार्ड सदस्यों ने भी इसपर आवश्यक कार्रवाई हेतु अपनी आधिकारिक मुहर के साथ अनुशंसा की है। अब देखना यह है कि बीआईटी मेसरा पुलिस इन बेबस किसानों को न्याय दिलाने के लिए कितनी मुस्तैदी से कदम उठाती है।

Spread the love