NEWS BY ASHOK ANANT
15 दिन में यह दूसरी वारदात
हंटरगंज चतरा: चतरा जिले के हंटरगंज थाना क्षेत्र में बिना किसी ओटीपी, मैसेज या लिंक के बैंक खातों से पैसे उड़ाने का एक नया और गंभीर मामला सामने आया है। ताजा घटना जबड़ा गांव की है, जहां पीड़िता सरिता कुमारी के खाते से अज्ञात ठगों ने चुपके से 20,000 रुपये निकाल लिए। हैरान करने वाली बात यह है कि पीड़िता के पास न तो कोई एटीएम कार्ड है और न ही उनका मोबाइल नंबर बैंक खाते से लिंक था। बैंक ऑफ इंडिया (गोसाईडीह शाखा) में पासबुक प्रिंट कराने पर उन्हें इस धोखाधड़ी की जानकारी हुई।पीड़िता की शिकायत पर हंटरगंज थाना पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। बैंक रिकॉर्ड के अनुसार यह राशि बायोमेट्रिक (अंगूठे के निशान) के जरिए निकाली गई है, जिससे आशंका है कि ठग आधार कार्ड और फिंगरप्रिंट का क्लोन बनाकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। इलाके में पिछले 15 दिनों के भीतर यह दूसरी घटना है, जिससे स्थानीय ग्रामीणों और खासकर महिलाओं में डर का माहौल है।
