SUNIL KUMAR
साहिबगंज/राजमहल: राजमहल विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई गति देने की दिशा में विधायक मो. ताजउद्दीन उर्फ एमटी राजा ने राजमहल एवं उधवा प्रखंड में विशेष प्रमंडल विभाग की लगभग 2.34 करोड़ रुपये की लागत से स्वीकृत 11 विकास योजनाओं का शिलान्यास किया।
इस अवसर पर विधायक ने कहा कि उनकी प्राथमिकता ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार करना है। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में पिछले तीन दशकों से सड़क जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं थीं, वहां भी सड़क निर्माण कराया जा रहा है। ग्रामीण इलाकों में सड़क, पेयजल, सामुदायिक भवन एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं को उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं।
शिलान्यास की गई प्रमुख योजनाओं में राजमहल प्रखंड के लखीपुर बनगांव स्थित मोइनुल इस्लाम मदरसा में तीन कमरों का निर्माण, गुनिहारी पंचायत के नागेश्वर बाग में लखीराम मुर्मू के घर के समीप डीप बोरिंग एवं जलमीनार निर्माण, प्राणपुर स्थित नवाब पोखर और तौफिक आलम तालाब में सीढ़ी घाट निर्माण, नागेश्वर बाग में सार्वजनिक भवन निर्माण तथा उधवा प्रखंड के श्रीघर में नारायण मंदिर के समीप पोखर के सौंदर्यीकरण एवं गार्डवाल निर्माण कार्य शामिल हैं।
इसके अलावा जोका क्षेत्र में काली स्थान चौक से कुदरत के खेत तक पीसीसी सड़क, नाला एवं पुलिया निर्माण, गेंदा के घर से इमाम शेख के घर तक नाला सहित पीसीसी सड़क निर्माण तथा कार्तिक स्थान से काली स्थान होते हुए कब्रिस्तान तक पीसीसी सड़क निर्माण जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं का भी शिलान्यास किया गया।
कार्यक्रम में विशेष प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता रमाकांत, विधायक प्रतिनिधि मो. मारूफ उर्फ गुड्डू, राजमहल झामुमो प्रखंड अध्यक्ष अनिसुर रहमान, उधवा प्रखंड अध्यक्ष अयूब अली उर्फ बाबू, काजू मल्लिक, अली कमिशन, विकास यादव, अजय दास, मोहम्मद इब्राहिम, मो. यासीन, मो. मंजूर, मो. जियाउल, मो. नईम, हारून रशीद, तमल मंडल, गणेश कीर्तनिया सहित अनेक गणमान्य लोग एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे।
