कांके में 65वीं सुब्रतो कप फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ

360° Ek Sandesh Live

रांची: कांके प्रखंड स्तरीय 65वीं सुब्रतो कप अंडर-17 बालक व बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ शनिवार को उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि व कांके विधायक सुरेश बैठा ने गुब्बारे उड़ाकर किया। इस अवसर पर विधायक सुरेश बैठा ने कहा कि विद्यालय स्तर पर आयोजित खेल प्रतियोगिताएं ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में खेल भावना, अनुशासन व स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का विकास होता है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का आह्वान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। आयोजन समिति की ओर से विधायक का मोमेंटो, पुष्पगुच्छ व माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। इसके बाद उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता के अंडर-17 बालक वर्ग में हाई स्कूल बोडिया ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि पीएमश्री उच्च विद्यालय कुम्हारिया उपविजेता रहा। वहीं अंडर-17 बालिका वर्ग में मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय, कांके विजेता बना व जीएमएस गागी हिंदी की टीम उपविजेता रही। आयोजन समिति ने बताया कि प्रतियोगिता में सभी टीमों ने अनुशासन, खेल भावना व उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय दिया। विजेता व उपविजेता टीमों को जिला स्तरीय सुब्रतो कप फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई गई। प्रतियोगिता में प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों की टीमों ने भाग लिया। इस अवसर पर प्रमुख सोमनाथ मुंडा, उपप्रमुख अजय बैठा, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी जूही रानी, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी मंजू बिलुंग, भारती फाउंडेशन के निशांत व ऋतिक, खेल शिक्षक, प्रधानाध्यापक, शिक्षक तथा अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।

Spread the love