बीआईटी मेसरा ओपी और ओरमांझी थाना में जन शिकायत का हुआ समाधान

360° Ek Sandesh Live

by Mustaffa

​मेसरा/ओरमांझी (रांची): राजधानी रांची के ग्रामीण इलाकों में आम जनता की समस्याओं के त्वरित निष्पादन और पुलिस-पब्लिक समन्वय को मजबूत करने के उद्देश्य से बुधवार को विशेष ‘जन शिकायत समाधान कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन एवं रांची पुलिस के निर्देशानुसार यह अभियान बीआईटी मेसरा ओपी और ओरमांझी थाना परिसर में एक साथ चलाया गया। इस ‘जन अदालत’ में कड़कती धूप के बावजूद अपनी फरियाद लेकर पहुंचे ग्रामीणों की समस्याओं को पुलिस अधिकारियों ने बेहद संवेदनशीलता के साथ सुना और दोनों ही थानों में ऑन-द-शॉट त्वरित कार्रवाई करते हुए जनता को बड़ी राहत दी। बीआईटी मेसरा ओपी परिसर में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता पुलिस उपाधीक्षक (डीएपी) संजीव कुमार बेसरा एवं थाना प्रभारी अजय कुमार दास द्वारा संयुक्त रूप से की गई। मौके पर पुअनि अभय कुमार और सअनि संतोष कुमार सिंह भी उपस्थित रहे। इस दौरान कुल 06 शिकायत पत्र/आवेदन प्राप्त हुए,जिनमें से 04 आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उनका ऑन-द-शॉट निष्पादन सुनिश्चित किया गया। शेष 2 मामलों की जांच के लिए अधिकारियों ने तुरंत निर्देश जारी किए। इसी क्रम में,ओरमांझी थाना परिसर में भी बड़े स्तर पर जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया,जहाँ जनसमस्याओं के निवारण को लेकर पुलिस का बेहद सराहनीय चेहरा सामने आया। यहाँ कार्यक्रम का नेतृत्व पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी मनोज कुमार ने किया,जिनके साथ पुअनि रंजीत कुमार महतो,सअनि प्रभुवन कुमार और सअनि सिलाश केरकेटा मुख्य रूप से मौजूद रहे। जहां बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने भूमि विवाद,आपसी मनमुटाव और स्थानीय सुरक्षा से जुड़े कई पेचीदा मामले अधिकारियों के समक्ष रखे। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए अनेक मामलों का मौके पर ही निपटारा कर दिया। पुलिस के इस त्वरित और सहयोगात्मक रवैये से खुश होकर स्थानीय ग्रामीणों ने ओरमांझी पुलिस की जमकर प्रशंसा की। ​अधिकारियों ने कहा कि,इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आम जनता और पुलिस के बीच की दूरी को कम करना है,ताकि ग्रामीण बेझिझक अपनी समस्याओं को पुलिस के सामने रख सकें और उनका त्वरित वैधानिक समाधान हो सके।

Spread the love