Eksandeshlive Desk
पश्चिमी सिंहभूम : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) अभियान के तहत पश्चिमी सिंहभूम जिला मतदाता गणना प्रपत्रों के वितरण और डिजिटाइजेशन में पूरे झारखंड में पहले स्थान पर पहुंच गया है। जिला प्रशासन ने इस उपलब्धि का श्रेय निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े सभी अधिकारियों, बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों को दिया है।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मनीष कुमार ने गुरुवार को बताया कि जिले के सभी पांच विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य तेज गति से जारी है। अब तक 2 लाख 96 हजार 387 गणना प्रपत्र मतदाताओं तक पहुंचाए जा चुके हैं, जो जिले के कुल लक्षित मतदाताओं का 27.34 प्रतिशत है। इस उपलब्धि के साथ पश्चिमी सिंहभूम राज्य में सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाला जिला बन गया है। वहीं, प्राप्त प्रपत्रों में से 6,036 का बीएलओ ऐप के माध्यम से सफलतापूर्वक डिजिटाइजेशन भी किया जा चुका है। उन्होंने जानकारी दी कि जिले के 39 मतदान केंद्रों पर तकनीकी बाधाओं के कारण ऑनलाइन फॉर्म वितरण संभव नहीं हो सका। ऐसे सभी केंद्रों पर वैकल्पिक व्यवस्था करते हुए ऑफलाइन माध्यम से गणना प्रपत्रों का वितरण कराया गया, जिससे अभियान की रफ्तार प्रभावित नहीं हुई।
उपायुक्त ने सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, बीएलओ, सुपरवाइजर और निर्वाचन कार्य में लगे अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिया कि अगले दो दिनों के भीतर कम से कम 50 प्रतिशत गणना प्रपत्रों का वितरण पूरा किया जाए। उन्होंने भरोसा जताया कि जिला आगामी चरणों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन बनाए रखेगा और अभियान के सभी निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करेगा। साथ ही उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि जिले का कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।
