65 वर्षीय बुजुर्ग महिला को मेसरा पुलिस ने कराया सुरक्षित आश्रय गृह में भर्ती

360° Ek Sandesh Live

By Mustaffa

​मेसरा (रांची): बीआईटी मेसरा ओपी थाना क्षेत्र के अंतर्गत भटकती हुई एक लगभग 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला को पुलिस ने लावारिस अवस्था में सुरक्षित बरामद किया है। महिला की सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें ओरमांझी के सिकिदिरी रोड स्थित शांति निकेतन आश्रय गृह में सुरक्षित भर्ती करा दिया है। मिली जानकारी के अनुसार,मेसरा पुलिस को सूचना मिली थी कि एक बुजुर्ग महिला नेवरी रिंग रोड गोलंबर चौक पर लावारिस हालत में भटक रही हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने महिला को अपने संरक्षण में लिया। प्रारंभिक पूछताछ में महिला ने अपना नाम बालम दीना कुजूर (उम्र करीब 65 वर्ष),पति/पिता का नाम तिरमुल कुजूर और अपना पता ग्राम हेसल,कुजी,थाना अनगड़ा (रांची) बताया है। पुलिस फिलहाल उनके द्वारा बताए गए पते का सत्यापन कर रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए मेसरा ओपी थाना प्रभारी अजय कुमार दास ने कहा,बुजुर्ग महिला की सुरक्षा और सम्मान हमारे लिए सबसे बढ़कर है। लावारिस अवस्था में मिलने के बाद उन्हें बिना समय गंवाए तत्काल सुरक्षित आश्रय गृह भेजा गया है। हमारी टीम अनगड़ा थाना पुलिस से समन्वय स्थापित कर महिला के परिजनों को खोजने का हरसंभव प्रयास कर रही है। जैसे ही उनके परिवार का सही पता चलेगा,उन्हें सकुशल घर पहुंचा दिया जाएगा। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि विवरण के आधार पर कोई भी व्यक्ति इस बुजुर्ग महिला अथवा उनके परिवार को पहचानता है,तो वे तुरंत मेसरा ओपी के सरकारी नंबर-9431706571 या शांति निकेतन प्रबंधन से संपर्क कर एक बिछड़े परिवार को मिलाने में मदद करें।

Spread the love