उपायुक्त ने आकांक्षी प्रखंडों की प्रगति की समीक्षा की, गुणवत्ता एवं समयबद्ध कार्यान्वयन पर दिया जोर

360° Ek Sandesh Live

हजारीबाग : उपायुक्त हेमन्त सती की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय सभाकक्ष में नीति आयोग एवं यूनाइटेड फंड से संबंधित समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आकांक्षी प्रखंडों में वित्तीय वर्ष के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा किए गए कार्यों एवं योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान स्वास्थ्य, शिक्षा, समाज कल्याण, पशुपालन, पेयजल एवं स्वच्छता, भारतनेट कनेक्टिविटी तथा सड़क निर्माण सहित विभिन्न क्षेत्रों की प्रगति पर चर्चा करते हुए उपायुक्त ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में उपायुक्त ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में एनसीडी स्क्रीनिंग के आंकड़ों में वृद्धि सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही आईसीडीएस के अंतर्गत टीएचआर से संबंधित लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन, कम वजन वाले बच्चों की नियमित स्वास्थ्य जांच, मधुमेह, उच्च रक्तचाप सहित अन्य स्वास्थ्य जांच समयबद्ध रूप से कराते हुए संबंधित आंकड़ों की शत-प्रतिशत ऑनलाइन प्रविष्टि सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्यों में तेजी लाने पर बल दिया। शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने यू-डाइस से संबंधित आंकड़ों को अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने का निर्देश दिया। साथ ही संबंधित इंडिकेटर्स से जुड़े पदाधिकारियों को अगली समीक्षा बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए। बैठक में आधारभूत संरचना के विकास के लिए उपलब्ध निधियों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने, अभियंताओं को सक्रिय भूमिका निभाने तथा हर घर नल योजना की प्रगति में तेजी लाने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को आकांक्षी प्रखंडों में गत वित्तीय वर्ष के निर्धारित लक्ष्यों को शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने चौपारण प्रखंड स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय, सोहरा सहित विभिन्न योजनाओं का बहुआयामी दृष्टिकोण से निरीक्षण करने के लिए एस्पिरेशनल ब्लॉक फेलो को निर्देशित किया। बैठक में पथ प्रमंडल, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, आरईओ, जलपथ प्रमंडल, लघु सिंचाई विभाग, जिला परिषद तथा विशेष प्रमंडल सहित विभिन्न तकनीकी विभागों के अभियंताओं को निर्देश दिया गया कि उनके द्वारा क्रियान्वित पीसीसी सड़क, बोरिंग, विद्यालय चहारदीवारी, किचन शेड तथा अन्य आधारभूत संरचना संबंधी कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को कार्यस्थलों का नियमित निरीक्षण कर प्रत्येक चरण में कार्यों की गुणवत्ता का अवलोकन एवं अनुश्रवण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने कहा कि आकांक्षी प्रखंडों के समग्र विकास के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य करें तथा योजनाओं का लाभ समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से आमजन तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। बैठक में उपायुक्त हेमन्त सती के अलावे उपविकास आयुक्त रिया सिंह, सदर एसडीओ आदित्य पांडेय, प्रशिक्षु आईएएस पूर्वा अग्रवाल, जिला योजना पदाधिकारीपंकज तिवारी सहित विभिन्न तकनीकी विभाग के अभियंता एवं अन्य कर्मी उपस्थित रहे।

Spread the love