Eksandeshlive Desk
पूर्वी सिंहभूम: टाटा स्टील के टिनप्लेट डिवीजन में शुक्रवार को निर्माणाधीन विस्तार प्रोजेक्ट के दौरान हुए हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दो अन्य मजदूर घायल हो गए। घायलों को तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) ले जाया गया, जहां एक मजदूर की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसे सीसीयू में इलाज के लिए रखा गया है। मृतक की पहचान बागबेड़ा के सीपी टोला निवासी संजय शर्मा (42) के रूप में की गई है। स्थानीय लाेगाें से मिली जानकारी के मुताबिक टिनप्लेट डिवीजन के विस्तार प्रोजेक्ट के तहत एक बड़ी बाउंड्री का निर्माण कराया जा रहा है। शुक्रवार की शाम बाउंड्री के समीप मिट्टी भराई का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक हुए हादसे में मजदूर गड्ढे में गिर गए। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। सहकर्मियों और अन्य लोगों की मदद से मजदूरों को बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन एक मजदूर की जान नहीं बचाई जा सकी।
इस घटना को लेकर कंपनी प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। बताया जा रहा है कि करीब एक सप्ताह के भीतर टिनप्लेट के इसी विस्तार प्रोजेक्ट में यह दूसरी बड़ी दुर्घटना है। इससे पहले 11 सितंबर को भी एक 26 वर्षीय कर्मचारी की हादसे में मौत हुई थी। वह मेसर्स पुरनमल के कर्मचारी के रूप में प्रोजेक्ट साइट पर कार्यरत था। लगातार हुई दोनों घटनाओं में अब तक दो मजदूरों की मौत की बात सामने आ रही है। घटना की सूचना मिलने के बाद विधायक पूर्णिमा साहू के प्रतिनिधि गुंजन यादव भी टिनप्लेट अस्पताल पहुंचे। उन्होंने कंपनी प्रबंधन से सुरक्षा व्यवस्था और घटना की जानकारी स्थानीय स्तर पर नहीं दिए जाने को लेकर सवाल उठाया। माैके पर गुंजन यादव ने आरोप लगाया कि क्षेत्र के भाजपा मंडल अध्यक्षों तक को घटना की जानकारी नहीं दी गई। उन्होंने कंपनी अधिकारियों को बातचीत के लिए पहुंचने का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि ऐसा नहीं होने पर कंपनी का गेट जाम किया जाएगा। घटना के बाद प्रोजेक्ट स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था और हादसे के कारणों की जांच को लेकर कार्रवाई शुरू होने की जानकारी है। हालांकि, कंपनी की ओर से फिलहाल इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। वहीं, मुआवजा की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी के नेता कंपनी के बाहर धरना प्रदर्शन कर रहे हैं।
