पति पर चाकू, कुदाल व लाठी-डंडे से हमला करने का आरोप, पांच लोगों के खिलाफ थाने में दिया आवेदन
हजारीबाग। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के ओरिया गांव में जमीन विवाद को लेकर मारपीट का मामला सामने आया है। ओरिया निवासी सोनी देवी ने थाने में आवेदन देकर अपने पति रंजीत राणा पर जानलेवा हमला करने व मारपीट के बाद तालाब में धकेलने का आरोप लगाया है। घायल रंजीत राणा का इलाज हजारीबाग सदर अस्पताल में चल रहा है। थाने में दिए आवेदन के अनुसार, 5 अक्टूबर 2026 की शाम करीब चार बजे रंजीत राणा अरिया धोबी तालाब के पास बैठे थे। इसी दौरान आर्यन राणा, आयुष राणा व उनके तीन-चार अन्य साथियों ने कथित रूप से उन पर चाकू, कुदाल व लाठी-डंडे से हमला कर दिया। सोनी देवी का आरोप है कि मारपीट में उनके पति के सिर में गंभीर चोट लगी और इसके बाद उन्हें तालाब में धकेल दिया गया। घटना के बाद घायल रंजीत राणा को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। सोनी देवी ने आवेदन में आरोप लगाया है कि घटना के बाद आर्यन राणा व आयुष राणा की ओर से उनके परिवार के सदस्यों के साथ गाली-गलौज की जा रही है व चाकू से जान से मारने की धमकी दी जा रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जमीन विवाद को लेकर इससे पहले सुरेश राणा, किशोर राणा व गोविंद राणा की ओर से उनके पति को धमकी दी गई थी। पीड़ित ने मुफस्सिल थाना प्रभारी से आर्यन राणा, आयुष राणा, सुरेश राणा, किशोर राणा व गोविंद राणा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस को दिए गए आवेदन के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
