Eksandeshlive Desk
कोलकाता/मुर्शिदाबाद : पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में शुक्रवार सुबह स्कूल वैन की लोकल ट्रेन से टक्कर में तीन स्कूली बच्चों समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य बच्चे और वैन चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों को आशंका है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। पूर्व रेलवे ने ड्यूटी में लापरवाही के आरोप में गेटमैन और उसके सुपरवाइजर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। कुछ ही देर बाद बहारामपुर थाना पुलिस ने गेटमैन को गिरफ्तार भी कर लिया। पूर्व रेलवे ने हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजन को 10 लाख रुपये की अनुग्रह सहायता देने की घोषणा की है। राज्य सरकार भी प्रत्येक परिवार को पांच लाख रुपये की सहायता देगी।
पुलिस और स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसा शुक्रवार सुबह करीब साढ़े सात बजे कर्णसुबर्ण स्टेशन और गोबिंदपुर के बीच स्थित रेलवे लेवल क्रॉसिंग पर हुआ। बताया जा रहा है कि हावड़ा-नवद्वीप एक्सप्रेस के गुजरने के बाद गेटमैन ने फाटक खोल दिया। फाटक खुला देखकर स्कूली बच्चों को लेकर जा रही एक टाटा सूमो रेलवे लाइन पार करने लगी। इसी दौरान तेज गति से आ रही निमतिता-कटवा लोकल ट्रेन ने वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका इलाज जारी है। हादसे की जांच के लिए पूर्व रेलवे ने अपर मंडल रेल प्रबंधक (एडीआरएम) के नेतृत्व में 10 सदस्यीय उच्चस्तरीय जांच समिति को घटनास्थल पर भेजा है। समिति दुर्घटना के कारणों और संभावित लापरवाही की विस्तृत जांच करेगी। पूर्व रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि रेलवे इस मामले में शून्य सहिष्णुता (जीरो टॉलरेंस) की नीति के तहत कार्रवाई करेगा। उन्होंने बताया कि पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई होगी। साथ ही घायलों के उपचार के लिए रेलवे की मेडिकल टीम भी तैनात की गई है।
