नेपाल के सशस्त्र प्रहरी बल ने भारतीय सीमा पर तैनात की ‘बॉर्डर इंटर एक्शन टीम’

INTERNATIONAL

Eksandeshlive Desk

काठमांडू : नेपाल-भारत सीमा को सहज बनाने, सीमावर्ती क्षेत्रों में होने वाली अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण लगाने और सूचना एकत्र करने के उद्देश्य से सशस्त्र प्रहरी बल की ‘बॉर्डर इंटर एक्शन टीम’ (बीआईटी) को तैनात किया गया है। 26 जुलाई से प्रमुख सीमा नाकों- झापा के कांकड़भिट्टा, मोरंग के रानी, पर्सा के बीरगंज, रुपंदेही के डंडा, बांके के जमुनाह और कैलाली के त्रिनगर में सशस्त्र प्रहरी नायब निरीक्षक (एएसआई) की कमान में प्रति स्थान 14 जवानों की टीम तैनात की गई है। यह टीम संबंधित क्षेत्रों में स्थित सशस्त्र प्रहरी बल नेपाल सीमा सुरक्षा गुल्म (कंपनी/बटालियन बेस) में तैनात रहकर मुख्य सीमा नाकों पर कार्य करेगी।

सशस्त्र प्रहरी महानिरीक्षक नारायण दत्त पौडेल ने रविवार को रुपंदेही स्थित डंडा सीमा सुरक्षा गुल्म पहुंच कर इस टीम को आवश्यक निर्देश दिए और परिचालन का शुभारंभ किया। इसके साथ ही उन्होंने सीमा क्षेत्र में होने वाली दैनिक गतिविधियों की जानकारी भी ली। यह टीम विशेष रूप से सीमा पार करने वाली महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सहायता, मानव तस्करी की रोकथाम व बचाव, प्रतिबंधित नशीले पदार्थों एवं वन्य जीवों सहित अवैध सामग्रियों की निगरानी, नियंत्रण तथा गहन जांच-पड़ताल का काम करेगी। डीएसपी शैलेंद्र थापा के अनुसार, अन्य नाकों पर भी संबंधित वाहिनी के प्रमुखों ने इस टीम के परिचालन की शुरुआत कर दी है। यह टीम हर शिफ्ट में एक महिला जवान के साथ सुबह 6 बजे से शाम 8 बजे तक सादे कपड़ों में तैनात रहेगी।

Spread the love