Eksandeshlive Desk
मुंबई: महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले में पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री और शिरोमणि अकाली दल (बादल) के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल पर गुरुवार को दोपहर नांदेड़ में करीब डेढ़ बजे जानलेवा हमला करने वाले आरोपी जसपाल सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस घटना की उच्च स्तरीय जांच का आदेश नांदेड़ जिले के जिला पुलिस अधीक्षक को दिया है। इस घटना में घायल पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल का इलाज यशोसाई अस्पताल में हो रहा है, जबकि हमले के समय बादल की पत्नी अकाली दल की सांसद हरसिमरत कौर बादल भी वहां मौजूद थीं। हालांकि, उन पर कोई हमला नहीं हुआ और वे सुरक्षित हैं।
नांदेड़ के जिले के जिला पुलिस अधीक्षक रोहन नीलाभ ने बताया कि सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमला करने के मामले में जसपाल सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सुखबीर बादल पर हुए हमले के बाद इसके पीछे की वजह का पता लगाने के लिए जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही मुख्यमंत्री ने बादल से फ़ोन पर बात की और उनका हाल-चाल जाना। इस मामले में नांदेड़ पुलिस आरोपी जसपाल सिंह से पूछताछ कर रही है। नांदेड़ जिले के जिलाधिकारी राहुल कार्डिले ने बताया कि पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री और शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल गुरुवार को महाराष्ट्र के नांदेड़ साहिब में तख्त श्री हजूर साहिब के पास माता साहिब गुरुद्वारे में दर्शन करने आए थे। इसी समय करीब डेढ़ बजे आरोपित ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में घायल सुखबीर सिंह बादल को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां उनकी स्थिति स्थिर है। इस मामले की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि हमलावर ने सुखबीर बादल के पेट में चाकू मारने की कोशिश की, लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने बीच-बचाव किया और उसे रोकने की कोशिश की। इसमें बादल घायल हो गए और उनका इलाज किया जा रहा है।
इस घटना में हजूर साहिब नांदेड़ में माता साहिब गुरुद्वारे के पास विशेष सुरक्षा में तैनात इंस्पेक्टर संतोष केंद्रे भी बीच बचाव करते हुए घायल हो गए हैं और उनका भी इलाज जारी है। सुखबीर बादल अपने परिवार के साथ नांदेड़ में तख्त श्री हजूर साहिब गए थे। हमले के समय उनकी पत्नी और अकाली दल की सांसद हरसिमरत कौर बादल भी वहां मौजूद थीं, लेकिन उन पर कोई हमला नहीं हुआ और वे सुरक्षित हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है ताकि हमले से जुड़ी घटनाओं का क्रम पता लगाया जा सके। हजूर साहिब गुरुद्वारे में जसपाल सिंह नाम के एक निहंग ने बादल पर हमला किया। जसपाल सिंह पिछले दो साल से गुरुद्वारे में काम कर रहा था। हमले के पीछे का मकसद अभी साफ नहीं है। उसने हमले के लिए कृपाण का इस्तेमाल किया था।
