अशोक अनन्त
चतरा: जिले की हंटरगंज थाना पुलिस ने भारत माला परियोजना की निर्माण सामग्री चोरी होने के मामले का महज 24 घंटे के भीतर सफल उद्भेदन कर दिया है। इस मामले में भारत माला कंपनी के सिक्योरिटी इंचार्ज सोनू कुमार शुक्ला के लिखित आवेदन पर हंटरगंज थाने में कांड संख्या-137/26 दर्ज किया गया था। शिकायत मिलते ही थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक विपिन कुमार और अनुसंधानकर्ता सुनील कुमार दुबे के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन कर त्वरित कार्रवाई शुरू की गई।
पुलिस टीम ने पचमो गांव में छापेमारी कर 54 वर्षीय आरोपी सूबेदार महतो पिता- स्व० बैजनाथ महतो को उसके घर से धर दबोचा। आरोपी के ठिकाने से चोरी की गई 8mm की 60 पीस सरिया (6 बंडल), 10mm की 10 पीस सरिया (1 बंडल) और 6 पीस जैक बरामद किए गए। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल पिकअप वाहन (JH02AV-1882) को भी जब्त कर लिया गया है। सशस्त्र बल के सहयोग से चलाए गए इस अभियान के बाद पुलिस ने बरामद सामान और पिकअप को कब्जे में लेकर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि क्षेत्र में अपराध और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार सक्रिय है और किसी भी असामाजिक तत्व को बख्शा नहीं जाएगा।
