Eksandeshlive Desk
नई दिल्ली: भारतीय सिनेमा के लिए गौरव का पल आने वाला है। नाना पाटेकर अभिनीत फिल्म ‘द कन्फेशन ऑफ मैरी’ प्रतिष्ठित टोरंटो अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोह (टीआईएफएफ 2026) में अपने वर्ल्ड प्रीमियर के लिए तैयार है। राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्मकार अनंत नारायण महादेवन के निर्देशन में बनी इस फिल्म का निर्माण सुभाष काले और नरेंद्र हीरावत ने कैमरा टेक फिल्म्स प्रोडक्शन और एनएच स्टूडियोज के बैनर तले किया है। फिल्म की पटकथा जाने-माने लेखक सीपी सुरेंद्रन ने लिखी है, जबकि संगीत अमर मोहिल ने दिया है।
‘द कन्फेशन ऑफ मैरी’ भारत के चर्चित न्यायिक रहस्यों में शामिल 1966 के मदाथारुवी हत्याकांड से प्रेरित है। जून 1966 में केरल के रानी में मदाथारुवी नदी के किनारे 43 वर्षीय विधवा मरियाक्कुट्टी का शव मिला था। वह पांच बच्चों की मां थीं। फिल्म इसी सनसनीखेज हत्या और उससे जुड़े रहस्यों की जांच को केंद्र में रखती है। नाना पाटेकर फिल्म में एक पादरी की भूमिका निभा रहे हैं। उनके अलावा आशीष विद्यार्थी, आदिल हुसैन, गौतम रोडे, जॉय सेनगुप्ता और पंखुड़ी अवस्थी भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का पोस्टर भी जारी किया गया है, जिसमें नाना पाटेकर पादरी के रूप में हाथ में माला थामे गंभीर मुद्रा में नजर आ रहे हैं। फिल्म आस्था, दबाव और सत्य की तलाश के बीच बुनी एक रोमांचक कहानी पेश करने का दावा करती है। टीआईएफएफ 2026 में वर्ल्ड प्रीमियर के बाद फिल्म की आधिकारिक रिलीज तारीख की घोषणा किए जाने की उम्मीद है।
