विशेष अभियान में 3,800 से ज्यादा बच्चों को बालश्रम से मुक्त कराया गया, 575 से अधिक एफआईआर

NATIONAL

Eksandeshlive Desk

नई दिल्ली: राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग (एनसीपीसीआर) ने बाल मजदूरी, बाल तस्करी और शोषण के खिलाफ चलाए गए विशेष अखिल भारतीय अभियान के तहत 3,800 से अधिक बच्चों को मुक्त कराया है। जबकि इन मामलों में 575 से ज्यादा एफआईआर दर्ज की गईं। इस साल 12 जून से शुरू हुआ यह अभियान 31 अगस्त तक चला। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के तहत कार्यरत एनसीपीसीआर ने अभियान के दौरान राज्य सरकारों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रशासन, जिलाधिकारियों, श्रम विभाग, पुलिस तथा अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय कर बाल मजदूरी और तस्करी वाले स्थानों पर लक्षित बचाव अभियान चलाए।

आयोग ने शुक्रवार को विज्ञप्ति जारी कर बताया कि अभियान के तहत अधिकारियों से बचाव अभियानों, मुक्त कराए गए बच्चों, दर्ज एफआईआर, पुनर्वास, पुनर्स्थापना, शिक्षा से जोड़ने और मुआवजे समेत अन्य कार्रवाई की नियमित जानकारी उपलब्ध कराने को कहा था। अभियान की निगरानी के लिए एनसीपीसीआर ने जिला प्रशासन के साथ बैठकें भी कीं। इन बैठकों में बचाव अभियानों की समीक्षा, जमीनी स्तर की समस्याओं का समाधान, कार्रवाई रिपोर्ट समय पर जमा कराने और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया गया। आयोग ने सोशल मीडिया और अन्य संचार माध्यमों के जरिए जन-जागरूकता अभियान भी चलाया। इसके माध्यम से लोगों को बाल मजदूरी की रिपोर्ट करने तथा बचाए गए बच्चों के पुनर्वास और उन्हें मुख्यधारा की शिक्षा से जोड़ने के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।

Spread the love