छत्रपति संभाजीनगर के एशियन हॉस्पिटल में आग लगने से अफरा-तफरी, 9 बच्चों समेत 58 मरीज सुरक्षित बचाए गए

NATIONAL

Eksandeshlive Desk

मुंबई: महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर शहर के आकाशवाणी चौक इलाके स्थित एशियन हॉस्पिटल में शुक्रवार को सुबह अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की सूचना मिलते ही अस्पताल के डॉक्टरों व नर्सिंग स्टाफ ने तत्काल नियोनेटल इंटेंसिव केयर यूनिट (एनआईसीयू) में से 9 नवजात बच्चों सहित 58 मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है, मामले की छानबीन जारी है। इस घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि आज सुबह आकाशवाणी चौक पर स्थित एशियन अस्पताल के पहली मंजिल पर अचानक आग लग गई थी।

आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, पुलिस, अस्पताल के कर्मचारियों और एम्बुलेंस टीम ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पहली मंजिल पर भर्ती सभी 58 मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इनमें एनआईसीयू के 9 बच्चे, जनरल वार्ड के 36 और स्पेशल रूम के 13 मरीज शामिल हैं। एनआईसीयू के सभी 9 बच्चों को एहतियातन दूसरे अस्पतालों में स्थानांतरित किया गया। इनमें 5 बच्चों को घाटी अस्पताल, 3 को एमजीएम अस्पताल और एक बच्चे को संजीवनी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी बच्चों की हालत सुरक्षित बताई जा रही है। फायर ब्रिगेड की टीम ने समय रहते आग पर काबू पा लिया, जिससे आग दूसरे वार्ड और मंजिलों तक फैल नहीं सकी। आग लगने के कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। फायर ब्रिगेड की टीम और पुलिस आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए छानबीन कर रही हैं।

Spread the love